Friday, May 17, 2024
Homeहरियाणाहरियाणा में काला शुक्रवार, अलसुबह अलग अलग हादसों में 5 की गई...

हरियाणा में काला शुक्रवार, अलसुबह अलग अलग हादसों में 5 की गई जान, 21 लोग गंभीर रूप से घायल

- Advertisment -

पहला हादसा हिसार के बरवाला एरिया में हुआ है। दूसरा हादसा झज्जर में तो तीसरा हादसा रोहतक में हुआ है। दो युवकों की गंभीर हालत के चलते उन्हें रोहतक पीजीआई के ट्रामा सेंटर लाया गया है।

- Advertisment -

रोहतक। हरियाणा में शुक्रवार की सुबह काफी अशुभ साबित हुई है। एक के बाद एक तीन भीषण सड़क हादसे हुए जिसमे अब तक 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। हादसों में 21 से अधिक लोग घायल हैं। पहला हादसा हिसार के बरवाला एरिया में हुआ है। दूसरा हादसा झज्जर में तो तीसरा हादसा रोहतक में हुआ है। दो युवकों की गंभीर हालत के चलते उन्हें रोहतक पीजीआई के ट्रामा सेंटर लाया गया है। तीसरा हादसा रोहतक के महम क्षेत्र का है। जहां ट्रैक्टर से गिरने की वजह से एक युवक की मौत हो गई। चौथा हादसा सोनीपत के नेशनल हाईवे-44 पर कुंडली फ्लाईओवर पर हुआ है।

हादसों की तस्वीरें

जानकारी के अनुसार हिसार के बरवाला एरिया में सिंघवा राघों के पास प्रवासी मजदूरों के कैंटर को ट्राले ने टक्कर मार दी। इससे कैंटर पलट गया। इस हादसे में 18 लोग घायल हुए हैं। उन्हें हांसी के सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया। कैंटर में करीब 50 लोग सवार थे। यह घटना सुबह साढ़े 4 बजे की है। कैंटर में मजदूरों के खाने पीने का सामान सहित फ्रिज और पंखे थे। सभी प्रवासी मजदूर थे और यूपी के रहने वाले हैं। ये पिछले कई महीनों से राजस्थान के हनुमानगढ़ में काम कर रहे थे। काम खत्म होने के बाद शुक्रवार को कैंटर पर सवार होकर हनुमानगढ़ से वापस यूपी के लिए रवाना हुए थे।

बरवाला रोड पर हुआ हादसा

जब इनका कैंटर बरवाला के पास पहुंचा तो हांसी रोड पर इसे ट्राले ने टक्कर मार दी। चालक ने बताया कि एक ट्राले ने अचानक ओवरटेक करते हुए टक्कर मारी, जिससे वह पलट गया। कैंटर पलटने से उसमें सवार मजदूर गंभीर घायल हो गए। वहां से गुजर रहे आर्मी मैन ने लोगों की चीख पुकार सुनी। इसके बाद उसने अन्य लोगों को सूचना दी। इसके बाद 112 व एंबुलेंस को फोन किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में बच्चे, महिलाएं भी शामिल हैं।

दूसरा हादसा झज्जर में स्कॉर्पियो और ट्रक की टक्कर से दर्दनाक हादसा हो गया। जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार हादसा गुरुग्राम रोड पर फरुखनगर के पास हुआ है। वहीं, हादसे में घायल दो लोगों को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह स्कॉर्पियो में सवार 5 युवक अलीगढ़ से झाड़ली पावर प्लांट पर हेल्पर का काम करने के लिए निकले थे। लेकिन झज्जर गुरुग्राम सड़क मार्ग पर गौशाला के पास पीछे से एक कैंटर ने जोरदार टक्कर मार दी। जिसके चलते मौके पर तीन लोगों की मौत हो गई। जिनमें आफताब जितेंद्र और फिरोज नाम के तीनों युवक मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो लोग घायल हो गए।

तीसरा हादसा आज सुबह रोहतक के महम क्षेत्र में हुआ। महम के भिवानी रोड पर ईंटों से भरे ट्रैक्टर के नीचे आने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक ईंटों से भरा ट्रैक्टर में भिवानी जा रहा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मृतक की पहचान भैणी चंद्रपाल निवासी 32 वर्षीय जोगेंद्र के रुप में हुई है। घटना उस समय हुई जब युवक ट्रैक्टर पर बैठकर महम की तरफ से भिवानी की और जा रहा था। इसी दौरान बीच रास्ते में वह किसी कारण से ट्रैक्टर से नीचे गिर गया और ट्रैक्टर ट्रॉली के टायर उसके सिर के ऊपर से गुजर गए। जोगेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।

चौथा हादसा अलसुबह करीब 4 बजे सोनीपत के नेशनल हाईवे-44 पर कुंडली फ्लाईओवर पर हुआ। गांव सलीमसर ट्राली निवासी 26 वर्षीय प्रवेश दिल्ली से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था। जब वह कुंडली फ्लाईओवर पर पहुंचा तो उसने बाइक को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। वह किसी काम से सडक़ पार करने लगा तो इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने युवक को नागरिक अस्पताल सोनीपत में पहुंचाया, जहां से उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। अब पीजीआई रोहतक में उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले की सूचना पर कुंडली थाना पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -
- Advertisment -

Most Popular