Saturday, October 26, 2024
Homeदेशरोहतक में BJP की कार्यशाला : कार्यकर्ताओं को हर बूथ पर 250...

रोहतक में BJP की कार्यशाला : कार्यकर्ताओं को हर बूथ पर 250 नए सदस्य बनाने का दिया लक्ष्य

रोहतक : भाजपा ने 50 लाख नए सदस्य बनाने के लिए शनिवार को अपनी रणनीति को रोहतक में अंतिम रूप दिया। इसके लिए आज पार्टी कार्यालय ‘‘मंगल कमल’’ में प्रदेश भर के पदाधिकारियों की एक कार्यशाला रखी गई, जिसमें सदस्यता अभियान को कैसे आगे बढ़ाया जाए यह तय किया गया।

कार्यशाला में हर बूथ पर 250 नए सदस्य बनाने का लक्ष्य बूथ पर रहने वाले पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को दिया गया। नए सदस्य बनाने की कार्य योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बडौली की अध्यक्षता में हुई कार्यशाला में राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम, राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़, प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा व कैबिनेट मंत्री समेत तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे।

संगठन को बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक और अधिक मजबूत करना ही लक्ष्य : दुष्यंत गौतम

आज की कार्यशाला में राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम ने संगठन के गठन की प्रक्रिया व सक्रिय कार्यकर्ता बनाने के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने संगठन के चुनाव और नियुक्तियों के बारे में भी बताया। राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि हरियाणा में भाजपा ने 50 लाख नए सदस्य बनाने का जो लक्ष्य रखा है उन्हें पूरा विश्वास है कि कार्यकर्ता इसको पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा में संगठन को बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि हमारा देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है और देश लगातार विकास की राह पर तेजी से बढ़े इसके लिए हमें प्रयास करना है।

हरियाणा में अभेद और अजय संगठन खड़ा करेंगे : मोहन लाल बड़ौली

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने सदस्यता अभियान को लेकर हुई कार्यशाला के बारे में मीडिया को विस्तार से जानकारी दी और सवालों के जवाब भी दिए। श्री बड़ौली ने कहा कि हम हरियाणा में अभेद और अजय संगठन खड़ा करेंगे ताकि लगातार हरियाणा में भाजपा की सरकार बने। उन्होंने कहा कि हम 2047 तक विकसित भारत और विकसित हरियाणा बनाने की तैयारी में जुटे हुए हैं। सदस्यता अभियान के बारे में बोलते हुए श्री बड़ौली ने कहा कि अभियान पूरे एक महीने चलेगा। वेदपाल एडवोकेट को सदस्यता सदस्यता अभियान का संयोजक बनाया गया है, इसके अलावा पांच सदस्य भी नियुक्त किए गए हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों को लगभग 60 लाख वोट मिले हैं। इसी के आधार पर हमने 50 लाख नए सदस्य बनाने का बड़ा लक्ष्य रखा है।

बड़ौली ने कहा कि हरियाणा में 20 हजार 629 बूथ हैं और हर बूथ पर 250 सदस्य बनाए जाएंगे। 16 नवंबर से सक्रिय सदस्य बनाने का काम शुरू होगा। पार्टी के संविधान के हिसाब से जो कार्यकर्ता 50 सदस्य बनाता है उसे ही पार्टी में जिम्मेदारी दी जाती है।

कार्यशाला में मुख्य रूप से कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा, कृष्ण लाल पंवार,श्याम सिंह राणा, महिपाल ढांडा,आरती राव, कृष्ण बेदी,पूर्व मंत्री रामबिलास शर्मा,राज्यसभा सांसद सुभाष बराला, किरण चौधरी, रामचंद्र जांगड़ा,प्रदेश संगठन महामंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री डा.अर्चना गुप्ता, सुरेंद्र पूनिया, सदस्यता अभियान के प्रदेश संयोजक वेदपाल एडवाकेट,सह संयोजक संदीप जोशी, प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी शमशेर सिंह खरक,सभी विधायक,विधानसभा उम्मीदवार और जिलों के अध्यक्ष उपस्थित रहे।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -

Most Popular