Monday, November 2, 2026
Homeदिल्लीरोहतक में भाजपा की पदयात्रा : BJP अध्यक्ष नितिन नवीन ने राहुल...

रोहतक में भाजपा की पदयात्रा : BJP अध्यक्ष नितिन नवीन ने राहुल गांधी और विपक्ष पर जमकर पर साधा निशाना

Rohtak News : भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को हरियाणा के रोहतक में छोटू राम पालीटेक्निक कॉलेज मैदान से डी पार्क, मॉडल टाउन तक ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहह मार्च का नेतृत्व किया। पदयात्रा के पश्चात राष्ट्रीय अध्यक्ष जी ने डी पार्क स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। जिसके बाद उन्होंने पदयात्रा में आए विशाल जनसमूह को संबोधित किया।

कार्यक्रम में हरियाणा भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत चौधरी, हरियाणा की प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी, सह-प्रभारी एवं राष्ट्रीय सचिव डॉ. भोला सिंह सहित अन्य नेतागण उपस्थित रहे।

नितिन नवीन ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य लोकतंत्र को मजबूत करना और जनादेश का सम्मान करना है। नवीन ने कांग्रेस पर चुनावी हार के बाद संवैधानिक संस्थाओं और चुनाव आयोग पर निराधार आरोप लगाने का आरोप लगाया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने 1984 के सिख नरसंहार के लिए कांग्रेस से माफी मांगने की मांग की। साथ ही, उन्होंने राहुल गांधी पर देश में अराजकता फैलाने का आरोप लगाया।

नितिन नवीन ने कहा कि यह पदयात्रा देश के लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए है। इस यात्रा में भाजपा और एनडीए के कार्यकर्ताओं ने जो एक-एक कदम आगे बढ़ाया है, वह देश के लोकतंत्र की ताकत को मजबूत करने के लिए बढ़ाया है। आज हरियाणा का स्थापना दिवस है। इस अवसर पर हम पूरे हरियाणा वासियों और हरियाणा के एक-एक भाई-बहन को बहुत-बहुत बधाई देते हैं। आज हम लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करने और जनादेश के सम्मान के लिए यह पदयात्रा निकाल रहे हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आज 1 नवंबर को हम हरियाणा का स्थापना दिवस मना रहे हैं। वहीं, आज ही के दिन 1984 में हमारे सिख भाइयों के साथ जो घिनौना व्यवहार हुआ और जिस तरह उन्हें कुर्बानी देनी पड़ी और जिस प्रकार कत्लेआम तथा हत्याएं हुईं, उसके लिए कांग्रेस को प्रायश्चित करना चाहिए था और माफी मांगनी चाहिए थी। लेकिन कांग्रेस आज प्रदर्शन करने निकली है।

नवीन ने चुनौती देते हुए कहा कि यदि कांग्रेस के नेताओं में इतनी ताकत है, तो उन्हें सबसे पहले कांग्रेस के भीतर राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रहे राजतंत्र को समाप्त करके लोकतंत्र लागू करना चाहिए। कांग्रेस में केवल एक परिवार का शासन चलता है। कांग्रेस के नेता भी यही मानते हैं कि ‘खाता न बही, राहुल गांधी और उनका पूरा परिवार जो कहेगा, वही सही।’ उनका मानना है कि देश का कानून भी राहुल गांधी की इच्छा के अनुसार बनेगा। कांग्रेस के नेता संविधान की प्रति लेकर घूमते हैं, लेकिन संविधान के पन्नों को तार-तार करने का काम कांग्रेस पार्टी ने ही किया है।

राहुल गांधी सड़क पर हिसाब मांगेंगे तो सड़क पर और सदन के पटल पर मांगेंगे तो सदन में इसका जवाब दिया जाएगा

नितिन नवीन ने कहा कि आज कांग्रेस 13 करोड़ वोट काटने का आरोप लगा रही है। एनडीए का कार्यकर्ता और यहां तक कि पार्टी का मंडल अध्यक्ष भी राहुल गांधी को इन 13 करोड़ वोटों का एक-एक हिसाब दे सकता है। राहुल गांधी सड़क पर हिसाब मांगेंगे तो सड़क पर और सदन के पटल पर मांगेंगे तो सदन में इसका जवाब दिया जाएगा। इन 13 करोड़ लोगों में ढाई करोड़ ऐसे लोग हैं, जिनकी मृत्यु हो चुकी है। राहुल गांधी मृत लोगों के वोटों की वकालत क्यों कर रहे हैं और इसके पीछे उनकी मंशा क्या है? इसके अलावा, छह करोड़ लोग ऐसे हैं, जो एक स्थान से दूसरे स्थान पर चले गए हैं। क्या ऐसे लोगों के नाम मतदाता सूची से नहीं हटाने चाहिए?

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि कांग्रेस को देश के 140 करोड़ लोगों पर विश्वास नहीं है। आखिर राहुल गांधी की मंशा क्या है और वे लोकतंत्र को चुनौती क्यों देते हैं? लोकतंत्र में सबसे बड़ा मत जनता का होता है और जब-जब जनता ने अपना मत दिया है, तब-तब राहुल गांधी को हार का सामना करना पड़ा है। जब हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में कांग्रेस जीतती है, तो वह कहती है कि लोकतंत्र जीत गया। लेकिन जब हरियाणा, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, बिहार और बंगाल में हारती है, तो उसे लोकतंत्र खतरे में नजर आने लगता है। आखिर यह कैसी दोहरी मानसिकता और दोहरा चरित्र है?

विपक्ष ने अराजकता का माहौल बनाया

नितिन नवीन ने कहा कि आज ‘लोकतंत्र बचाओ’ पदयात्रा के माध्यम से हम विपक्ष के साथियों से कहना चाहते हैं कि उन्होंने जितनी बड़ी आवाज उठाई थी, उसकी तुलना में 10 प्रतिशत लोग भी दिल्ली में नहीं जुटे होंगे। इससे अधिक लोग तो केवल रोहतक जिले में जुट गए हैं। विपक्ष ने जिस तरह अराजकता का माहौल बनाया है, उसके खिलाफ जनता अपनी आवाज उठा रही है। विपक्ष के साथ घूमने वाले उसके सहयोगी कौन हैं? इन्हीं लोगों को दिल्ली की धरती पर हराया गया, उत्तर प्रदेश में समाजवादियों को हराया गया, बिहार में राजद को हराया गया, कांग्रेस को यहां धूल चटाई गई और बंगाल में ममता बनर्जी को हराया गया। आज ये सभी पराजित लोग देश और देश की जनता को चुनौती देने का प्रयास कर रहे हैं। हमें पूरा विश्वास है कि देश की जनता की सेवा करने वाले प्रधानमंत्री मोदी के प्रति लोगों की आस्था और विश्वास कायम है।आज रोहतक से उठी आवाज, यहां की ऊर्जा और लोगों का उत्साह सराहनीय है।

ये भी देखें…

RELATED NEWS

Most Popular