Monday, November 2, 2026
Homeदेशरोहतक में 'वोट चोरी' के खिलाफ AAP का प्रदर्शन; प्रदेश अध्यक्ष डॉ....

रोहतक में ‘वोट चोरी’ के खिलाफ AAP का प्रदर्शन; प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता के नेतृत्व में सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता

रोहतक : आम आदमी पार्टी  ने रविवार को रोहतक में वोट चोरी’ के खिलाफ ‘तिरंगा यात्रा’ का आयोजन किया। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद डॉ. सुशील गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस तिरंगा यात्रा में हजारों कार्यकर्ताओं और आम जनता ने हिस्सा लेकर लोकतंत्र को बचाने का संकल्प दोहराया।

रोहतक की सड़कों पर जनसमूह को संबोधित करते हुए डॉ. सुशील गुप्ता ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के नाम पर पूरे देश में लगभग 14 करोड़ वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से गैर-कानूनी तरीके से हटा दिए गए हैं।

34 लाख नागरिकों का मताधिकार छीना

डॉ. सुशील गुप्ता ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा, “अकेले हरियाणा में 34 लाख, दिल्ली में 47 लाख और पश्चिम बंगाल में करीब 1 करोड़ लोगों के वोट काटकर जनता के मताधिकार पर डाका डाला गया है। भाजपा पिछले 12 सालों से अपने काम के बल पर नहीं, बल्कि जनादेश की डकैती, वोट चोरी और जांच एजेंसियों के दुरुपयोग के दम पर सत्ता पर काबिज है।”

उन्होंने कहा कि इस देशव्यापी वोट चोरी की साजिश का खुलासा सबसे पहले आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने किया था, जिसके बाद से आम आदमी पार्टी लोकतंत्र को बचाने के लिए निरंतर सड़क से संसद तक लड़ाई लड़ रही है।

संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए डॉ. गुप्ता ने कहा कि चुनाव आयोग के सर्वोच्च पद पर बैठे ज्ञानेश कुमार पर्दे के पीछे से भाजपा की मदद कर रहे हैं और लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है। उन्होंने मांग की कि निष्पक्ष चुनाव प्रणाली को बहाल करने के लिए CEC ज्ञानेश कुमार को तुरंत अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।

भाजपा पर तीखा प्रहार करते हुए डॉ. गुप्ता ने कहा कि एक तरफ भाजपा राज्यों में जनादेश चुराकर, विपक्षी नेताओं को डरा-धमकाकर और करोड़ों वोट काटकर सरकारें बनाती है, वहीं दूसरी तरफ ‘संविधान और लोकतंत्र बचाओ’ यात्रा निकालने का पाखंड करती है। जनता जानना चाहती है कि जब हरियाणा प्रदेश व केंद्र में भाजपा सरकार, फिर नितीन नबीन लोकतंत्र बचाओ यात्रा निकालकर ढोंग क्यों कर रहे हैं।

आम आदमी पार्टी ने हरियाणा की जनता, युवाओं और सामाजिक संगठनों से आह्वान किया कि वे लोकतंत्र और अपने संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए इस ‘वोट चोरी’ के खिलाफ एकजुट होकर अपनी आवाज़ बुलंद करे।

RELATED NEWS

Most Popular