Bankipur By Election Result : बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जन सुराज पार्टी ने बड़ा राजनीतिक उलटफेर करते हुए भाजपा के मजबूत गढ़ पर कब्जा जमा लिया है।
सभी 31 राउंड की मतगणना पूरी होने के बाद जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने भाजपा के उम्मीदवार नीरज सिन्हा को करीब 18,953 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया।
प्रशांत किशोर को कुल 63946 वोट मिले, जबकि बीजेपी उम्मीदवार को 44700 और आरजेडी की रेखा गुप्ता को 14241 वोट प्राप्त हुए।
बांकीपुर विधानसभा सीट करीब 30 साल से भाजपा का मजबूत गढ़ मानी जाती रही है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा जाने के बाद यह सीट खाली हुई थी, जिसके लिए उपचुनाव कराया गया था।
जीत के बाद प्रशांत किशोर ने बांकीपुर की जनता का आभार व्यक्त करते कहा, वे जनता से वादे नहीं करना चाहते। उन्होंने कहा, “मेरे विधायक बनने से बांकीपुर बेंगलुरु नहीं बन जाएगा, लेकिन अगले दो-तीन महीनों में यहां कुछ सकारात्मक बदलाव जरूर दिखाई देंगे। हमारा प्रयास होगा कि लोगों की रोजमर्रा की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।”
बिहार की राजनीति के लिए क्या मायने रखती है यह जीत?
बांकीपुर उपचुनाव का परिणाम सिर्फ एक सीट का चुनावी नतीजा नहीं माना जा रहा है। भाजपा के लंबे समय से मजबूत माने जाने वाले गढ़ में जन सुराज की जीत ने बिहार की राजनीति में नए समीकरणों की चर्चा तेज कर दी है। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले यह नतीजा जन सुराज के बढ़ते राजनीतिक प्रभाव और विपक्षी दलों के लिए नए चुनौतीपूर्ण माहौल का संकेत माना जा रहा है।


