रोहतक : ZAD Global School Optima Campus में हरियाणा सरकार की खेल नीति के तहत बैडमिंटन व लॉन टेनिस खेल नर्सरियों के लिए आयोजित ट्रायल सोमवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गए। इस अवसर पर जिले सहित आसपास के विभिन्न स्कूलों से बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने भाग लिया और अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
ट्रायल का आयोजन स्कूल के खेल प्रांगण में सुबह 10 बजे से किया गया, जहां खिलाड़ियों ने पूरे जोश और अनुशासन के साथ अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। चयन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी रखते हुए खिलाड़ियों का मूल्यांकन उनके तकनीकी कौशल, फिटनेस स्तर, फुर्ती, सहनशक्ति और खेल के प्रति समर्पण के आधार पर किया गया।
ट्रायल के दौरान अभिभावकों और खिलाड़ियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। अभिभावकों ने हरियाणा सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे ग्रामीण व शहरी क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का बेहतर मंच मिलेगा।
इस मौके पर मुख्य स्कूल प्रबंधक चंद्र गर्ग ने कहा कि “हमारा प्रयास है कि हर प्रतिभाशाली खिलाड़ी को उचित मार्गदर्शन और अवसर मिले, ताकि वे भविष्य में राज्य और देश का नाम रोशन कर सकें।”
वहीं स्कूल प्रबंधक हृषित गर्ग और प्राची गर्ग ने अपने संबोधन में कहा कि “खेल नर्सरियां युवाओं के लिए सुनहरा अवसर हैं, जहां से वे अपने खेल करियर की मजबूत नींव रख सकते हैं। खेल केवल शारीरिक विकास ही नहीं, बल्कि मानसिक मजबूती और अनुशासन भी सिखाते हैं, जो जीवन में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक हैं।”
इस मौके पर हरजीत कौर (डीन) ने अभिभावकों और खिलाड़ियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि “स्कूल प्रबंधन खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण, बेहतर खेल सुविधाएं और सकारात्मक वातावरण देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”
कार्यक्रम के दौरान सचिन (कोच,बैडमिंटन), वीरभान, मनोज, नितिन, सुरेश सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। सचिन (कोच,बैडमिंटन) ने जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा सरकार की खेल नीति के तहत चयनित खिलाड़ियों को मासिक डाइट भत्ता/छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। 8 से 14 वर्ष के खिलाड़ियों को 1500 रुपये प्रतिमाह तथा 15 से 19 वर्ष के खिलाड़ियों को 2000 रुपये प्रतिमाह की सहायता दी जाएगी, जिससे वे अपने खेल पर पूरा ध्यान केंद्रित कर सकें।
अंत में स्कूल प्रबंधन ने सभी प्रतिभागियों, अभिभावकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। साथ ही कहा कि इस प्रकार के आयोजन भविष्य में भी निरंतर किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके। चयनित खिलाड़ियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

