रोहतक : हरियाणा के युवा टेनिस खिलाड़ी प्रांजय सिवाच ने एशिया अंडर-16 टेनिस में नंबर-1 रैंक हासिल कर रोहतक और हरियाणा का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है।
प्रांजय ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए पिछले सप्ताह अहमदाबाद में आयोजित एशियन ग्रेड-1 टूर्नामेंट के अंडर-16 सिंगल्स वर्ग में गोल्ड मेडल जीता। इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने शीर्ष स्थान हासिल किया।
प्रांजय की उपलब्धियों में अंडर-14 वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करना भी शामिल है। इसके अलावा उन्होंने नेशनल सीरीज अंडर-18 जालंधर और नेशनल सीरीज अंडर-16 जालंधर में शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब जीते हैं। उन्होंने ITF J30 लखनऊ में एशियन अंडर-16 डबल्स में रनर-अप का स्थान भी हासिल किया है।
एशिया अंडर-16 में नंबर-1 रैंक और अहमदाबाद में सिंगल्स का गोल्ड मेडल प्रांजय की मेहनत, निरंतर अभ्यास और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनके शानदार प्रदर्शन का परिणाम है।
प्रांजय की इस उपलब्धि पर उनके माता-पिता, कोच, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई देते हुए भविष्य में देश के लिए और बड़ी उपलब्धियां हासिल करने की शुभकामनाएं दीं।

