राजधानी दिल्ली में 2 अक्टूबर को सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अगले आदेश तक 11 मेट्रो स्टेशनों को बंद कर दिया गया है। इसकी जानकारी दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने एक्स पर पोस्ट कर दी। वहीं दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के आह्वान को लेकर सुरक्षा कड़ी कर दी हे। बैरिकेड्स लगाकर जंतर-मंतर रोड को ट्रैफिक के लिए बंद कर दिया है।
जो मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे इनमें जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, राजीव चौक, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, लोक कल्याण मार्ग, INA, चावड़ी बाजार, रामकृष्ण आश्रम मार्ग और नई दिल्ली स्टेशन शामिल हैं। राजीव चौक, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय और नई दिल्ली पर यात्रियों को इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
वहीं नई दिल्ली जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू की है। इसकी जानकारी दिल्ली पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर दी है। इसके तहत बिना अनुमति जुलूस, प्रदर्शन, धरना, पिकेटिंग, नारेबाजी और भाषण पर रोक है। हथियार, लाठी, तलवार, डंडे, पत्थर, बैनर और प्लेकार्ड लेकर चलने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से धैर्य रखने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

