- भिवानी, चरखी और रेवाड़ी में महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठकों का आयोजन किया गया
- राम मंदिर और मनसा देवी मंदिर चढ़ावा लूट के बड़े डाकुओं को संरक्षण दे रही है भाजपा सरकार: डॉ. सुशील गुप्ता
Haryana News : हरियाणा में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और भाजपा सरकार के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने बिगुल फूंक दिया है। अभी तक 15 जिलों में संगठनात्मक बैठकें करके बुधवार को भिवानी, दादरी, रेवाड़ी आम आदमी पार्टी हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष डॉ सुशील गुप्ता की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठकों का आयोजन किया गया। इन बैठकों में उनके साथ प्रदेश संगठन मंत्री अशवनी दुल्हेडा, राजेन्द्र शर्मा, प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता सुमित हिंदुस्तानी, जगमग मटौर उपस्थित रहे। यहां आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने आगामी चुनावी रणनीति तय की और कार्यकर्ताओं के भीतर नए जोश का संचार किया।
बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. सुशील गुप्ता ने धार्मिक स्थलों पर हुए कथित घोटालों को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अयोध्या के राम मंदिर और पंचकूला के मनसा देवी मंदिर में जनता के चढ़ावे की सरेआम लूट हो रही है। यह बेहद शर्मनाक बात है कि मुख्यमंत्री, RSS और भाजपा आलाकमान इस महाघोटाले पर मौन साधे बैठे हैं और असली डाकुओं को बचाने का प्रयास कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी जनता की अगाध आस्था के साथ इस आर्थिक डकैती को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।
डॉ. गुप्ता ने आरोप लगाया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दबाव में आकर मुख्यमंत्री अपने आकाओं को खुश करने के लिए हरियाणा के हिस्से का पानी राजस्थान को दे रहे हैं और सूबे की जनता को प्यासा मार रहे हैं। उन्होंने हांसी के चनौत गांव के ग्रामीणों की पानी की जायज मांग का पुरजोर समर्थन करते हुए संकल्प लिया कि ‘आप’ हरियाणा के पानी की एक-एक बूंद के लिए सड़क से संसद तक लड़ाई लड़ेगी।
प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर चिंता जताते हुए ‘आप’ प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री की नाकामी के चलते आज अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। सरेआम फिरौतियां मांगी जा रही हैं, व्यापारियों को धमकियां दी जा रही हैं और माताएं-बहनें खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने विशेष रूप से हांसी क्षेत्र का जिक्र करते हुए कहा कि वहां नशा और अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है, जिससे जनता खौफ के साए में है।
देश के लोगों पर क्यों जबरदस्ती E20 एथेनॉल तेल थोप रही है मोदी सरकार
डॉक्टर गुप्ता ने मोदी सरकार को घेरते हुए कहा कि हमारे देश में 22 करोड़ मोटरसाइकिलें और 8 करोड़ कारें ऐसी हैं जो E20 के लिए नहीं बनी हैं। सरकार की ज़बरदस्ती के कारण ये सभी गाड़ियाँ कबाड़ बन जाएँगी।
आप जनता को ऑप्शन तो दीजिए। देश के सभी पेट्रोल पंपों पर E10, E20 और E0 सब उपलब्ध होना चाहिए। फैसला जनता का होना चाहिए कि वे अपनी गाड़ी में कौन सा पेट्रोल डालना चाहते हैं, न कि सरकार का।
बैठक के समापन पर कार्यकर्ताओं की पीठ थपथपाते हुए डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि भिवानी, चरखी दादरी, और रेवाड़ी के कार्यकर्ताओं का यह उत्साह साफ बयां करता है कि जनता मौजूदा सरकार की तानाशाही से तंग आ चुकी है और सूबे में बड़े बदलाव के लिए तैयार है।
इस संगठनात्मक बैठक में प्रदेश संगठन मंत्री राजेंद्र शर्मा, अश्विनी दूल्हेड़ा, भिवानी जिला प्रभारी भीम सिंह महेशवाल समेत सैकड़ों सक्रिय पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

