Thursday, September 19, 2024
Homeहरियाणारोहतकस्वाति मालीवाल से अभद्रता मामले में गुस्से में नवीन जयहिंद उतरे समर्थन...

स्वाति मालीवाल से अभद्रता मामले में गुस्से में नवीन जयहिंद उतरे समर्थन में, बोले -उसकी जान को खतरा

रोहतक। AAP सांसद स्वाति मालीवाल के साथ दिल्ली मुख्यमंत्री आवास में हुई बदसलूकी के बाद उनके पूर्व पति नवीन जयहिंद बेहद गुस्से में दिख रहे हैं। नवीन ने कल दावा किया कि स्वाति की जान खतरे में है। बुधवार को उन्होंने ‘आप’ के सबसे बड़े नेता अरविंद केजरीवाल पर एफआईआर की मांग की है। उन्होंने स्वाति की तुलना झांसी की रानी से की और कहा कि जो हाथ उस पर उठा उसे मैं तोड़ देता। नवीन जयहिंद ने इस मामले की कड़ी आलोचना की है।

केजरीवाल के ‘तोते’ हैं संजय सिंह 

जयहिंद ने इस प्रकरण में आप के नेताओं को भी लपेटा है। आप के पूर्व नेता नवीन जयहिंद ने कहा कि संजय सिंह खुद किस तरह से राज्यसभा गए हैं ये बात वो भी जानते हैं और मैं भी। वे केवल अरविंद केजरीवाल के ‘तोते’ हैं जो उनके इशारे पर काम करते हैं। संजय सिंह को पहले ही इस घटना के बारे में पता था कि ऐसा होगा… वे एक्टिंग कर रहे हैं… ये भाजपा-कांग्रेस या आप का मामला नहीं है… आप(संजय सिहं) तो स्वाति मालीवाल को छोटी बहन कहते थे। उन्होंने मांग की कि जब ये घटना हुई तो वहां पर मौजूद सभी लोगों पर FIR होनी चाहिए।

केजरीवाल पर FIR की मांग

मालीवाल के पूर्व पति नवीन ने कहा, ‘जिसे आप सीएम हाउस कहते हो, वह गटर हाउस है। यह बहुत ही खतरनाक घटना है। इसके लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भी एफआईआर होनी चाहिए। क्योंकि यह घटना उनके घर में हुई है। जिसने भी यह की है उसकी औकात नहीं है, यह घटना करने की। स्वाति की जान को खतरा है। उसको डराया धमकाया गया है।’

जो हाथ उठा उसे तोड़ देता

नवीन जयहिंद ने आगे कहा, ‘अभी भी स्वाति की आवाज दबाई जा रही है। यह सिर्फ मेरी पूर्व पत्नी का मामला नहीं है, यह लाखों महिलाओं का मामला है। पूर्व पत्नी का अगर मामला होता तो अब तक स्वाति पर जो हाथ उठे हैं, वे टूट चुके होते… और जिसने इसके लिए आदेश दिया, उसकी जुबान हम निकाल लिए होते। यह बहुत गहरा मामला है। इसपर कार्रवाई होनी चाहिए।’

वह झांसी की रानी है

मालीवाल के पूर्व पति ने कहा, ‘स्वाति को बाहर निकल कर आना चाहिए। वह झांसी की रानी है, वह डर नहीं सकती। मुझे नहीं पता कि उसपर कौन सा प्रेशर डाला गया है। एक समय पर इनको (आप) महिला सम्मान याद आ जाता है, दूसरी तरफ उसी घर में मारपीट होती है। उस गटर हाउस के अंदर बहुत गंदगी है। स्वाति को सामने आकर पूरी सच्चाई बतानी चाहिए।’

चार साल से नहीं हुई बात

नवीन जयहिंद ने कहा, ‘2020 में हमारा तलाक हो चुका है। पिछले चार साल से मैंने स्वाति से कोई बात नहीं की है। यह मेरी पूर्व पत्नी का मामला नहीं बल्कि एक महिला का मामला है। यह घटना मुख्यमंत्री के घर में हुआ है। तो मुख्यमंत्री पर क्यों नहीं होगी एफआईआर? मैं 2008 से इन लोगों (अरविंद केजरीवाल) को जानता हूं। मैं अन्ना आंदोलन कोर कमेटी का सदस्य रहा हूं। मेरे से ज्यादा इन लोगों को कोई नहीं जानता होगा।’

स्वाति को डराया-धमकाया जा रहा

मंगलवार को जयहिंद ने वीडियो जारी कर कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर स्वाति मालीवाल के साथ मारपीट एक साजिश के तहत हुई है। भले ही मेरा स्वाति के साथ 4 साल पहले तलाक हो चुका है, लेकिन यह मारपीट बहुत बड़ी साजिश है। अब स्वाति को डराया-धमकाया जा रहा है। चुप रहने के लिए बोला जा रहा है। उसकी जान तक को खतरा है। केजरीवाल के पीए विभव कुमार की इतनी औकात नहीं है कि वो स्वाति पर हमला कर सके। उसने किसके इशारे पर यह किया है, वह स्वाति ही बताएगी।

संजय सिंह की सफाई एक्टिंग 

जयहिंद ने AAP सांसद संजय सिंह की सफाई पर कहा कि वह सब कुछ जानते हैं, एक्टिंग करने से कुछ नहीं होगा। जो-जो साजिश और षड़यंत्र हुए हैं। आत्मा बची हुई है या वो भी बेच दी। जयहिंद ने कहा कि स्वाति को खुद सामने आना चाहिए। उसने लाखों महिलाओं की आवाज उठाई और उनकी लड़ाई लड़ी है। वह इन गीदड़ों से क्यों डर गई। स्वाभिमान से बड़ा कुछ नहीं होता। क्या राज्यसभा और क्या राज्यसभा की सीट। अगर स्वाति मालीवाल आज नहीं बोली तो हर रोज मरती रहेगी। सिर्फ मैं नहीं, हर कोई उसके साथ खड़ा है। आज जो लोग मुझे कह रहे है कि मैं स्वाति के पक्ष में बोलूं, मैं उन्हें बता दूं स्वाति इस देश की महिला है और उसके साथ वे खड़े हैं। अब स्वाति को आगे आना होगा और बोलना होगा। ये साजिश उसके लिए रची गई और अब स्वाति की जान को भी खतरा है और जो सवाल खड़ा करेगा उसका जवाब जयहिंद देगा।

संजय सिंह की प्रेसवार्ता

बता दें मंगलवार को घटना पर संजय सिंह ने कहा था कि कल एक बेहद निंदनीय घटना घटी। कल सुबह अरविंद केजरीवाल के आवास पर स्वाति मालिवाल मुलाकात करने पहुंची थी, वह ड्राइंग रूम में इंतज़ार कर रही थी तभी विभव कुमार(अरविंद केजरीवाल के PA) वहां आते हैं और वे स्वाति मालिवाल के साथ बेहद बदतमीजी की और अभद्रता की। इस पूरे मामले की जानकारी स्वाति मालिवाल ने पुलिस को दी… अरविंद केजरीवाल ने पूरी घटना को संज्ञान में लिया है और सख्त कार्रवाई करने को कहा है… वह पार्टी की पुरानी और वरिष्ठ नेता में से एक हैं… हम सब उनके साथ हैं।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -

Most Popular