Wednesday, October 23, 2024
Homeहरियाणाहरियाणा विधानसभा मानसून सत्र: चंद्रयान-3 मिशन की सफलता पर सियासत, अनिल विज...

हरियाणा विधानसभा मानसून सत्र: चंद्रयान-3 मिशन की सफलता पर सियासत, अनिल विज सदन से किया वॉकआउट

विधानसभा का मानसून सत्र 29 अगस्त तक चलने वाला है। सत्र में सरकार पांच बिल पेश करेगी। इसमें सबसे महत्वपूर्ण बिल कॉमर्शियल क्षेत्रों में स्थित भूखंडों में फ्लोरवाइज रजिस्ट्री होने का है। इस दौरान सरकार कई अहम बिल भी ला सकती है।

चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा मानसून सत्र की पहले दिन की कार्यवाही जारी है। मानसून सत्र की कार्यवाही तीन दिवसीय रहेगी। आपको बता दें इस बार का विधानसभा सत्र 25 से 29 अगस्त तक चलेगा। सत्र के पहले दिन जोरदार हंगामा देखने को मिल रहा है। चंद्रयान-3 की सफलता को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और गृह मंत्री अनिल विज के बीच कड़ी बहस हुई।

सीएम मनोहर लाल खट्टर विधानसभा में बोलते हुए

सीएम मनोहर लाल खट्टर ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और अंबाला से सांसद रत्न लाल कटारिया के निधन पर शोक जताते हुए शोक प्रस्ताव पढ़कर सत्र की शुरुआत की गई। इसके बाद सीएम खट्टर ने चंद्रयान-3 के लिए प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए हरियाणा के वैज्ञानिकों का जिक्र किया। उन्होंने सदन में कहा कि चंद्रयान 3 ने चन्द्रमा के साउथ पाल पर लैंडिंग कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि हमारे लिये गर्व की बात है कि हरियाणा के निवासी भी चंद्रयान 3 के वैज्ञानिकों की टीम में रहें। साथ ही पीएम मोदी का भी अभिनंदन किया। जिसके बाद विधानसभा का नजारा थोड़ी देर में ही चेंज हो गया। कांग्रेस और बीजेपी चंद्रयान-3 की सफलता को विवाद खड़ा हो गया।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा ने चंद्रयान-3 की कामयाबी को लेकर कहा कि कामयाबी एक दिन में नहीं मिली। चंद्रयान-3 की कामयाबी में हरियाणा का भी विशेष योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि यह अचीवमेंट एक दिन की नहीं है, बल्कि इसमें सब प्रधानमंत्रियों का योगदान रहा है। इस बात को लेकर गृह मंत्री अनिल विज हुड्डा पर भड़के उठे और दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। तब विज ने कहा कि आप मोदी जी का नाम लो। चंद्रयान-3 की सफलता तब मिली जब मोदी जी पीएम है।

तीखी बहस के बीच विधानसभा स्पीकर ज्ञान चंद गुप्ता द्वारा टोकने से नाराज होकर अनिल विज सदन से बाहर चले गए। वहीं सदन में कांग्रेस की तरफ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चंद्रयान-3 की सफलता के लिए धन्यवाद नहीं करने पर गृह मंत्री अनिल विज सदन से वॉकआउट किया। सदन में स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि एक जानकारी देनी है। उन्होंने कहा कि शायद अनिल विज को यह लगा कि मैं उनको सदन से बाहर जाने के लिए कहा था लेकिन ऐसा नहीं है, मैंने उन्हें अपनी सीट पर बैठने के लिए कहा था। ऐसे में वो सदन में आ जाएं।

इसके कुछ देर बाद अनिल विज सदन में पहुंचे। उनके सीट पर बैठते ही हुड्डा ने चुटकी लेते हुए कहा कि विज साहब आप तो हाउस की रौनक हैं। हम तो चाहते हैं कि आप यहां रहे। पलटवार में अनिल विज ने कहा कि आप लोग तो चाहते ही यह हो कि मैं हाउस में ना आऊं। मेरी जनता मुझे बार-बार चुनकर भेजती है। हुड्डा कहां रुकने वाले थे। कहने लगे कि कितनी बार आ चुके। विज ने तपाक से कहा कि मैं छह बार बन चुका हूं विधायक। फिर विज ने कहा कि आप लोग अपना हाजमा ठीक करो। रामदेव का चूरन ले लिया करो।

सीएम मनोहर लाल ने सदन में कहा कि चंद्रायन-3 मिशन में हरियाणा का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। मिशन में रोहतक में बने हुए नट-बोल्ट और रेवाड़ी में बनी स्पेशल केबल का प्रयोग किया गया। मिशन के वैज्ञानिक दल में शामिल अंबाला की आरुशि सेठ, भिवानी के देवेश ओला और हिसार के यज्ञ मलिक ने सराहनीय योगदान किया है। इस पर किरण चौधरी ने कहा कि जूई गांव का भी एक युवक इस मिशन का हिस्सा रहा है।

विधानसभा का मानसून सत्र 29 अगस्त तक चलने वाला है। सत्र में सरकार पांच बिल पेश करेगी। इसमें सबसे महत्वपूर्ण बिल कॉमर्शियल क्षेत्रों में स्थित भूखंडों में फ्लोरवाइज रजिस्ट्री होने का है। इस दौरान सरकार कई अहम बिल भी ला सकती है। बिल्डिंग की फ्लोरवाइज रजिस्ट्री को लेकर सरकार बिल लेकर आएगी। विधानसभा में बिल पास होने के बाद राज्यपाल के पास मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। जिसके बाद बिल को लेकर नियम भी बनाए जाएंगे।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -

Most Popular