Saturday, October 19, 2024
Homeहरियाणासोनीपतसोनीपत जेल में खूनी संघर्ष, कैदियों के 2 गुट भिड़े, 5 की...

सोनीपत जेल में खूनी संघर्ष, कैदियों के 2 गुट भिड़े, 5 की हालत गंभीर

सोनीपत जेल में चार कैदियों पर पतीले हमला करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि चारों पर रात करीब 10 बजे हमला किया गया। जिसके चलते दूसरे पक्ष के दो सगे भाईयों समेत चार पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

सोनीपत। सोनीपत जेल में कल रात कैदियों में खूनी संघर्ष सामने आया है। देर रात बंदियों के दो गुटों में घमासान हो गया। इसमें पांच बंदी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जेल में इन पर दूसरे पक्ष के बंदियों ने पतीले से वार किया। जेल प्रशासन को मामले का पता लगा तो घायलों को रात को ही नागरिक अस्पताल में लाया गया। ये सभी खून से नहाए हुए थे। बंदियों की तरफ से लिखित शिकायत मिलने पर जेल उप अधीक्षक ने मामले की शिकायत सिटी थाना पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी दो सगे भाइयों समेत चार पर मारपीट, धमकी देने व प्रिजनर एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है। जिला कारागार में 20 दिन के अंदर झगड़े की यह दूसरी वारदात है।

जानकारी के अनुसार सोनीपत जेल में रात को 10 बजे के करीब हवालाती बंदी अजीत, अमृत, अजय व अनिल पर अचानक दूसरे पक्ष के बंदी अतुल व इसके भाई आकाश, दीपक व अनिल ने पतीले से हमला कर किया। पांचों बंदियों को बुरी तरह से पीट पीट कर लहूलुहान कर दिया। हालांकि जेल अफसरों ने कहा कि बंदियों को मामूली चोटें आयी हैं, लेकिन अस्पताल स्टाफ ने बताया कि बंदियों के साथ जमकर मारपीट की गई थी। हमलावरों ने घायल बंदियों और उनके परिजनों को जान से मारने की धमकी दी है।

जेल उप अधीक्षक कृष्ण ने बताया कि रात करीब दस बजे बंदियों के दो पक्षों में झगड़ा हो गया। इस दौरान एक पक्ष के अतुल, उसके भाई आकाश, दीपक व अनिल ने पतीला उठाकर दूसरे पक्ष को मारना शुरू कर दिया। जेल के सुरक्षा कर्मियों ने बीच बचाव शुरू कराया। साथ ही सायरन बजाकर और सुरक्षाकर्मी बुलाए गए। जिसके बाद बंदियों को अलग किया गया। घायलों को तुरंत जेल अस्पताल में उपचार दिलाया गया। घायलों ने जेल प्रशासन को शिकायत दी है कि आरोपियों ने उन्हें जेल में मारने व अपने साथियों से कहकर उनके परिवारों पर भी हमला कराने की धमकी दी है। जिस पर जेल प्रशासन की तरफ से पुलिस को शिकायत दी गई। पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जिला कारागार में 20 दिन के अंदर बंदियों पर हमले की दूसरी वारदात है। इससे पहले 4 अप्रैल की रात को कारागार में बंद पंजाब के बंदी पर हमला कर उसे घायल कर दिया था। बंदी की आंख पर भी चोट मारी गई थी। तब पंजाब के तरनतारन के गांव बहल निवासी देविंद्र को नागरिक अस्पताल सोनीपत व पीजीआई रोहतक में उपचार दिलाया गया था। कोर्ट कॉम्प्लेक्स चौकी के ASI परविंद कुमार ने बताया कि रात को जेल में झगड़े की शिकायत मिली थी। पुलिस ने हवालाती बंदी अतुल, इसके भाई आकाश और इनके साथी दीपक व अनिल के खिलाफ धारा 323,506,34 IPC 46 PACT के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस छानबीन में लगी है।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -

Most Popular