Friday, May 17, 2024
Homeहरियाणारोहतकसरकार गौधन संरक्षण और संवर्धन के लिए कृत संकल्प- डॉ. अरविंद शर्मा

सरकार गौधन संरक्षण और संवर्धन के लिए कृत संकल्प- डॉ. अरविंद शर्मा

- Advertisment -

- कहा, प्रदेश की गौशालाओं को बनाया जा रहा आत्मनिर्भर- सांसद ने योजना के तहत गौशालाओं के लिए वितरित किए चैक

- Advertisment -

रोहतक। सरकार गौधन संरक्षण और संवर्धन के लिए कृत संकल्प है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गौशालाओं को आत्मनिर्भर बना रही है। यह बात लोकसभा सांसद डॉक्टर अरविंद शर्मा ने आज सिंचाई विश्राम गृह में सरकार की योजना के तहत विभिन्न गौशालाओं को गऊओं की सेवा हेतु वित्तीय सहायता के चैक प्रदान करने के उपरांत मीडिया कर्मियों से बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार और गौसेवा आयोग प्रभावी रूप से काम कर रहा है। गौसेवा ऐसा कार्य है जिसमें समाज के सहयोग की भी जरूरत होती है। इसलिए समर्थ व सक्षम लोगों को मदद के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि गौ सेवा से बढक़र कोई दूसरी सेवा नहीं है।

सांसद ने कहा कि गौ माता की सेवा के एवज में हमें करोड़ देवी देवताओं का आशीर्वाद प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि गौशालाओं के प्रति राज्य सरकार गंभीर है। पहली बार राज्य की गौशालाओं के बजट में अप्रत्याशित बढ़ोतरी की गई है। पहले गौशालाओं का 40 करोड़ रुपए बजट होता था, इस बार 400 करोड़ रुपए कर दिया गया है। गौ सेवा के लिए रोहतक लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली गौशालाओं को 3 करोड रुपए की राशि जारी की जा चुकी है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल का विशेष तौर पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि हाल ही में बैंसी गौशाला को 8.62 लाख, मोखरा गौशाला को लगभग सवा पांच लाख, समर गोपालपुर गौशाला को 11 लाख, बोहर गौशाला को 1.87 लाख तथा पहरावर गौशाला को लगभग 12.37 लाख रुपए की राशि जारी की गई है।

मीडिया के सवालों के जवाब देते हुए सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राम मंदिर का निर्माण करवा कर असंभव कार्य को संभव कर दिखाया है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर के बन जाने से लगभग 500 वर्ष पुराना मुद्दा सुलझ गया है। उन्होंने कहा कि भगवान राम के प्रति प्रधानमंत्री मोदी की आस्था का इस बात से अनुमान लगाया जा सकता है कि वह पिछले कई दिनों से अनुष्ठान पर है। उन्होंने कहा कि रामलल्ला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर पूरे विश्व में जोश व उत्साह का माहौल है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी चुनाव जीतने के बाद से ही जनता के बीच में रहती है इसलिए पार्टी को विशेष चुनाव प्रचार की आवश्यकता नहीं रहती।

उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन ही सेवा के नाम से जाना जाता है और सरकार का फोकस केवल विकास कार्यों पर रहता है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा के माध्यम से उन पात्र लोगों को घर द्वार पर सुविधाएं प्रदान की जा रही है जो सरकारी कार्यालय में जाने में असमर्थ हैं। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के माध्यम से सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ अनेक पात्र लोगों को मिला है। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, जिला अध्यक्ष रणबीर ढाका, पार्टी की प्रदेश सचिव रेनू डाबला, जिला सचिव मुकेश वशिष्ठ, ओमप्रकाश बागड़ी, राजरानी शर्मा व सुनीता सेन सहित विभिन्न गौशालाओं के प्रतिनिधि मौजूद थे।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -
- Advertisment -

Most Popular