रोहतक : जिला में ग्रामीण युवाओं को अग्निवीर भर्ती योजना तथा हरियाणा पुलिस भर्ती के लिए बेहतर तरीके से तैयार करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत युवाओं को शारीरिक प्रशिक्षण, लिखित परीक्षा की तैयारी तथा मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक युवा भर्ती प्रक्रियाओं में सफल हो सकें।
इस अभियान के प्रभावी संचालन के लिए जिला स्तर से लेकर गांव स्तर तक समितियों का गठन किया जाएगा। जिला स्तर पर उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक तथा संबंधित विभागों के अधिकारी अभियान के क्रियान्वयन की समीक्षा करेंगे। वहीं अतिरिक्त उपायुक्त और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को नोडल अधिकारी बनाया जाएगा, जो विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर प्रगति की निगरानी करेंगे। उपमंडल स्तर पर एसडीएम व डीएसपी के नेतृत्व में तथा गांव स्तर पर सरपंच, पीटीआई, स्कूल प्राचार्य, पूर्व सैनिक और युवा स्वयंसेवकों की भागीदारी से गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
पुलिस विभाग द्वारा थाना स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी तथा युवाओं को भर्ती मानकों के बारे में जागरूक करने के लिए बैठकें और मार्गदर्शन सत्र आयोजित किए जाएंगे। जिला खेल अधिकारी द्वारा प्रशिक्षण केंद्रों और खेल मैदानों की पहचान कर प्रशिक्षकों की व्यवस्था की जाएगी तथा शारीरिक प्रशिक्षण का मानक कार्यक्रम तैयार किया जाएगा।
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा ऐसे स्कूलों की पहचान की जाएगी जिनके खेल मैदान प्रशिक्षण के लिए उपयुक्त हों। इसके अलावा शाम के समय कक्षाओं में लिखित परीक्षा की तैयारी के लिए कोचिंग की व्यवस्था भी की जाएगी और वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ रहे योग्य युवाओं को इस अभियान से जोड़ा जाएगा। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी तथा विकास एवं पंचायत विभाग द्वारा ग्राम पंचायतों के माध्यम से युवाओं को अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा। जहां स्कूल मैदान उपलब्ध नहीं हैं, वहां पंचायत भूमि या सामुदायिक स्थानों को प्रशिक्षण के लिए चिन्हित किया जाएगा।
जिला सैनिक बोर्ड द्वारा ऐसे पूर्व सैनिकों की पहचान की जाएगी जो प्रशिक्षक और मार्गदर्शक के रूप में युवाओं को प्रशिक्षण देने के लिए इच्छुक हों। साथ ही रक्षा भर्ती मानकों के बारे में प्रेरणात्मक और मार्गदर्शन सत्र आयोजित किए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी द्वारा युवाओं के लिए करियर काउंसलिंग सत्र आयोजित किए जाएंगे तथा लिखित परीक्षा की तैयारी के लिए अध्ययन सामग्री और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। नेहरू युवा केंद्र के माध्यम से युवाओं को जोड़ने के लिए गांवों में जागरूकता और पंजीकरण अभियान चलाया जाएगा। वहीं स्वास्थ्य विभाग द्वारा युवाओं के लिए मेडिकल स्क्रीनिंग कैंप आयोजित कर पोषण, फिटनेस और चोटों से बचाव के बारे में जागरूक किया जाएगा।
इस अभियान से अग्निवीर और हरियाणा पुलिस भर्ती के लिए युवाओं की व्यवस्थित तैयारी सुनिश्चित होगी, ग्रामीण युवाओं की खेल और प्रशिक्षण गतिविधियों में भागीदारी बढ़ेगी तथा भर्ती प्रक्रियाओं में जिले के अधिक से अधिक युवाओं का चयन संभव हो सकेगा। अभियान के तहत जिले के रिटौली, कबुलपुर, कारौर, सांघी, खिड़वाली, निंदाना, गद्दी खेड़ी, बोहर, खेड़ी साध और बलियाना गांवों को प्राथमिकता के आधार पर शामिल किया गया है। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ इस अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, एएसपी प्रतीक अग्रवाल, सांपला के एसडीएम उत्सव आनंद, रोहतक के एसडीएम आशीष कुमार, महम के एसडीएम विपिन कुमार, डीएसपी गुलाब सिंह, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल, जिला सैनिक बोर्ड की सचिव गौरिका सुहाग, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

