Rohtak News : रोहतक पुलिस की एएनसी स्टाफ टीम ने आईएमटी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक युवक को दो अवैध देशी पिस्तौल और पांच जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान श्रवण पुत्र दीवान सिंह निवासी गांव आसौधा, हाल निवासी ओमैक्स सिटी, रोहतक के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया।
पुलिस प्रवक्ता मनीष ने बताया कि सहायक उप निरीक्षक संजीत कुमार के नेतृत्व में एएनसी स्टाफ की टीम नांदल भवन चौक के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मस्तनाथ नगर से एक युवक को शक के आधार पर काबू किया।
पुलिस ने नियमानुसार युवक की तलाशी ली तो उसके कब्जे से दो देशी पिस्तौल और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ थाना आईएमटी में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उसे अदालत में पेश किया।

