Saturday, November 7, 2026
HomeहरियाणारोहतकPGIMS रोहतक की डॉ. मनीषा नाडा नॉर्थ जोन जर्नल की बनीं चीफ...

PGIMS रोहतक की डॉ. मनीषा नाडा नॉर्थ जोन जर्नल की बनीं चीफ एडिटर

रोहतक : पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय, रोहतक के लिए यह गर्व का क्षण है। विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय नेत्र संस्थान (RIO) की वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. मनीषा नाडा को प्रतिष्ठित नॉर्थ जोन जर्नल ऑफ ऑप्थैल्मोलॉजी (NZJO) का चीफ एडिटर नियुक्त किया गया है।

आरआईओ के अध्यक्ष डॉ. आर.एस. चौहान ने बताया कि इस जर्नल का विमोचन 30 अक्टूबर, 2026 को पालमपुर (हिमाचल प्रदेश) में नॉर्थ जोन ऑप्थैल्मोलॉजिकल सोसाइटी और हिमाचल प्रदेश ऑप्थैल्मोलॉजिकल सोसाइटी (HPOS) के संयुक्त वार्षिक अधिवेशन में हुआ। जर्नल का विमोचन हिमाचल प्रदेश के महामहिम *राज्यपाल श्री कविंदर गुप्ता जी* के कर-कमलों द्वारा किया गया। इस जर्नल के संपादन में एसोसिएट एडिटर के रूप में डॉ. रोली सूद ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने डॉ. मनीषा नाडा को बधाई देते हुए कहा कि यह पूरे विश्वविद्यालय परिवार के लिए गौरव का क्षण है और ऐसे प्रयास युवा चिकित्सकों को शोध के लिए प्रेरित करेंगे।

निदेशक डॉ. एम.जी. वशिष्ठ ने कहा कि नेत्र रोग विभाग की यह उपलब्धि सराहनीय है। डॉ. नाडा के नेतृत्व में यह जर्नल नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में नए शोध को बढ़ावा देगा।

चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुधीर अत्री ने कहा कि डॉ. नाडा की यह उपलब्धि विश्वविद्यालय की बढ़ती अकादमिक साख का प्रमाण है और यह अन्य संकाय सदस्यों के लिए भी प्रेरणादायक है।

डॉ. सविता सिंघल ने कहा कि डॉ. मनीषा नाडा की यह उपलब्धि महिला चिकित्सकों के लिए विशेष प्रेरणा है और इससे नेत्र रोग विभाग को नई पहचान मिलेगी।

डॉ. जितेन्द्र फोगाट ने कहा कि इस जर्नल के माध्यम से उत्तर भारत में नेत्र रोगों पर हो रहे शोध को एक सशक्त मंच मिलेगा, जिसका सीधा लाभ मरीजों को मिलेगा।

डॉ. संजीव प्रसाद ने कहा कि डॉ. नाडा के संपादन में यह जर्नल गुणवत्ता के नए मानक स्थापित करेगा और युवा रेजिडेंट्स को अपने शोध पत्र प्रकाशित करने के लिए प्रोत्साहित करेगा।

चीफ एडिटर डॉ. मनीषा नाडा ने कहा कि नॉर्थ जोन ऑप्थैल्मोलॉजिकल सोसाइटी और HPOS के वार्षिक सम्मेलन में हमारे जर्नल का विमोचन महामहिम राज्यपाल द्वारा किया जाना हम सभी के लिए अपार गर्व और संतुष्टि का क्षण है। मैं अपने सभी पाठकों, लेखकों, समीक्षकों, संपादकीय बोर्ड के सदस्यों और सभी योगदानकर्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त करती हूँ, जिन्होंने हमारे जर्नल पर विश्वास किया। मैं नॉर्थ जोन ऑप्थैल्मोलॉजिकल सोसाइटी और HPOS के नेतृत्व की भी आभारी हूँ, जिन्होंने यह प्रतिष्ठित मंच प्रदान किया।”

डॉ मनीषा नाडा ने आगे कहा कि यह सम्मान केवल मेरा नहीं, बल्कि मेरे पूरे नेत्र रोग विभाग और पीजीआईएमएस रोहतक परिवार का है। हमारा प्रयास रहेगा कि इस जर्नल के माध्यम से नेत्र रोगों से जुड़ी नवीनतम शोध, नई तकनीकों और अंधता निवारण से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाए। यह जर्नल युवा नेत्र चिकित्सकों के लिए अपने शोध पत्र प्रकाशित करने का एक सशक्त मंच बनेगा। मैं एसोसिएट एडिटर डॉ. रोली सूद और सोसाइटी की आभारी हूँ, जिन्होंने मुझे इस पद के काबिल समझा।

RELATED NEWS

Most Popular