वर्ल्ड फिटनेस योगासन स्पोर्ट्स फेडरेशन की ओर से कोअर यूनिवर्सिटी, रुड़की (हरिद्वार) उत्तराखंड में आयोजित राष्ट्रीय योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में हरियाणा का प्रतिनिधित्व करते हुए रोहतक जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया।
प्रतियोगिता में देशभर से लगभग 700 खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्गों और इवेंटों में खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनमें हरियाणा के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट योग कौशल, संतुलन, लचीलापन एवं अनुशासन का परिचय देते हुए कई पदक अपने नाम किए।
हरियाणा टीम के कोच एवं अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता डॉ. जनक राज ने बताया कि 10–14 वर्ष आयु वर्ग के ट्रेडिशनल इवेंट में आदर्श ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता, जबकि अभिनव ने रजत पदक अपने नाम किया। सब जूनियर–जूनियर आर्टिस्टिक पेयर स्पर्धा में यश एवं आरव सिंह की जोड़ी ने बेहतरीन तालमेल और प्रस्तुति के दम पर कांस्य पदक हासिल किया, इसके साथ ही रिदमिक पेयर स्पर्धा में अभिनव एवं आदर्श की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता, इसके अलावा 14–18 वर्ष आयु वर्ग के ट्रेडिशनल इवेंट में जतिन कौशिक ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के बीच टॉप-10 में स्थान बनाया।
डॉ. जनक राज ने बताया कि इन खिलाड़ियों का चयन हरियाणा राज्य योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ था, राष्ट्रीय स्तर पर भी खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से यह सिद्ध कर दिया कि हरियाणा के खिलाड़ी योगासन स्पोर्ट्स में लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों की सफलता का श्रेय उनके निरंतर अभ्यास, अनुशासन, अभिभावकों के सहयोग एवं पूरी टीम की मेहनत को दिया, उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि रोहतक जिले के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और भविष्य में भी यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हरियाणा का नाम रोशन करते रहेंगे, उन्होंने बताया कि रोहतक पहुंचने पर सभी पदक विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों का भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।

