Weather Updates : हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर में धीरे- धीरे गर्मी अपने अंदाज में आने लगी है। आमजन को दिन में गर्मी का अहसास होने लगा है जबकि सुबह के वक्त मीठी ठंड की खुशबू बरकरार है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में हरियाणा एनसीआर दिल्ली में गर्मी अपने तीखे तेवरों से आगाज करेगी।
मौसम विशेषज्ञ डॉ चंद्रमोहन ने बताया कि वर्तमान परिदृश्य में हरियाणा एनसीआर दिल्ली के अधिकतर स्थानों पर न्यूनतम व अधिकतम तापमान सामान्य से 4.0-7.0डिग्री सेल्सियस ऊपर दर्ज किए जा रहे हैं। वर्तमान में गुजरात व पश्चिमी राजस्थान के आसपास के लगने वाले अरब सागर क्षेत्र के ऊपर एक प्रति चक्रवातीय परिसंचरण (एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन) तंत्र बना हुआ है। जिसकी वजह से सम्पूर्ण इलाके में हवाओं की दिशा और गति में बदलाव देखने को मिल रहा है।
मार्च महीने के पहले पखवाड़े में लगातार तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी जबकि दूसरे पखवाड़े में मौसम में बदलाव और बादलों की आवाजाही और बारिश से तापमान में गिरावट की सम्भावना बन रही है।मार्च महीने के पहले सप्ताह में 3 मार्च को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से हरियाणा एनसीआर दिल्ली में केवल आंशिक बादल वाही देखने को मिलीं इसी तरह दूसरे सप्ताह में 8 मार्च और 11 मार्च को एक के बाद एक दो कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से हरियाणा एनसीआर दिल्ली में आंशिक बादल वाही ही देखने को मिलेगी और उत्तरी हिस्सों में केवल छिट-पुट बूंदाबांदी की सम्भावना है ज्यादा कुछ खास नहीं है। परन्तु तीसरे और चौथे सप्ताह में सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से हरियाणा एनसीआर दिल्ली में मौसम में बदलाव और तेज गति की हवाओं आंधी और बादलों की आवाजाही के बीच बारिश बूंदाबांदी की गतिविधियों से तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी यानी दूसरे पखवाड़े में मौसम में बदलाव देखने को मिलेंगे। लम्बे अवधि का मौसम पूर्वानुमान मानचित्र का विश्लेषण अनुसार, इस साल मार्च माह गर्म जबकि बारिश बूंदाबांदी और तेज गति की हवाओं और आंधी चलने से अप्रैल महीना ठंडा रहेगा।

