Sunday, May 12, 2024
Homeहरियाणाहरियाणा में फिर बदला मौसम, पश्चिमी विक्षोभ का दिखा असर, कई जिलों...

हरियाणा में फिर बदला मौसम, पश्चिमी विक्षोभ का दिखा असर, कई जिलों में बूंदाबांदी

- Advertisment -
- Advertisment -

अंबाला। हरियाणा के मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। हल्की धुंध और हवाएं चलने से सुबह के समय ठंड का अहसास हो रहा है। जबकि, धूप निकलने के कारण दिन में हल्की गर्मी महसूस हो रही है। लेकिन अब पहाड़ों में बर्फ और ठंड पड़ने का असर मैदानी इलाकों में भी पड़ रहा है। मंगलवार सुबह तेज हवा के साथ एक बार फिर ठंड लौट आई और हल्की बूंदाबांदी भी हुई। वहीं, मौसम विशेषज्ञों ने मार्च के पहले सप्ताह में मौसम में काफी बदलाव की संभावना जताई है।

मौसम विभाग ने हरियाणा के अधिकांश जिलों में 1-2 मार्च को बारिश के साथ ही ओलावृष्टि के आसार बताये हैं। इस दौरान करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी, इससे दिन के साथ ही रात में भी तापमान में बदलाव देखने को मिलेगा। हालांकि मौसम में बदलाव के कारण दिन के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है वहीं, रात को तापमान में कमी देखी जा रही है। अब दिन रात का तापमान सामान्य की श्रेणी में पहुंच चुका है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ की वजह से दिन में बादल छाए हें। इससे 1 व 2 मार्च को बारिश हो सकती है। इससे भी एक बार ठंड दोबारा लौट सकती है।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार से कृषि मौसम विज्ञान विभाग के कृषि मौसम वैज्ञानिक डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में दो पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहे हैं। इनमें से पहला एक्टिव हो गया है और दूसरा 29 फरवरी को एक्टिव होगा। पहले एक्टिव हुए पश्चिमी विक्षोभ का असर आज मंगलवार को देखने को मिल रहा है। सुबह से ही दिल्ली एनसीआर में ठंडी हवाएं चलने के साथ ही हल्की बूंदाबांदी हो रही हैं। वहीं, इसके बाद 29 फरवरी की रात को एक नए मध्यम श्रेणी के पश्चिमी विक्षोभ से प्रदेश भर में एक से दो मार्च के दौरान तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ ओलावृष्टि की भी संभावना है। इसके बाद फिर से धुंध और ठंड बढ‍़ेगी।

झज्जर में सुबह 4 बजे से 6 बजे तक बूंदाबांदी हुई। बूंदाबांदी के बाद मौसम में ठंडक है। सुबह से बादलवाही छाई हुई है। दिन में भी बारिश के आसार हैं। अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम 10 डिग्री दर्ज किया गया। वहीँ रेवाड़ी में सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम ठंडक भरा है। हवाएं भी चल रही हैं। बूंदाबांदी की संभावना है। अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

रोहतक और पानीपत में भी आसमान में सुबह ही बादल छाने के साथ छिटपुट बूंदाबांदी शुरू हो गई। यह सुबह करीब 5 से 7 बजे तक रूक-रूक कर चली। तेज हवा चलने से अधिकतम तापमान भी कुछ कम हुआ है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधर सोनीपत में मौसम फिर से परिवर्तनशील हो गया है। तड़के सवा पांच बजे बूंदाबांदी होने के साथ ही आसमान में बादल छाए हुए है। दिन में बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है। न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान 11.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया था। प्रदूषण का स्तर हरे रंग में है। सुबह नौ वायु गुणवत्ता सूचकांक 92 दर्ज किया गया। एक दिन पहले यह 97 पर था।

बहादुरगढ़ में सुबह 5 बजे .7 एमएम बूंदाबांदी हुई। अभी आसमान काले बादलों से ढका हुआ है। मौसम में ठंडक बनी है। अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदूषण भी सोमवार के मुकाबले मंगलवार को कम हुआ। एक्यूआई 115 पर पहुंचा। सोमवार को यह 143 पर रहा था। सिरसा में सुबह पांच से छह बजे के आस पास हलकी बूंदाबांदी हुई है। अभी बादल छाए हुए और बारिश की संभावना है। जिले में मौसम में आए बदलाव के कारण ठंडक बढ़ी है।

पश्चिमी विक्षोभ के असर से हिसार में हुई बूंदाबांदी

हिसार में पश्चिमी विक्षोभ के असर से शहर में सुबह बूंदाबांदी हुई। इसके बाद भी बादल छाए रहे। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में यह बदलाव आया है। 29 फरवरी को एक और मध्यम श्रेणी का विक्षोभ आएगा। इसके असर से 1 से 3 मार्च के दौरान तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि की भी संभावना है।

शहर में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण सोमवार को दिन भर हल्के बादल छाए रहे। मगर मंगलवार सुबह ही मौसम में बदलाव आया और करीब 6 बजे बूंदाबांदी शुरू हो गई। इसके बाद सुबह 9 बजे रुक-रुक बूंदाबांदी होती रही। इससे मौसम ठंडा हो गया। बूंदाबांदी थमने के बाद भी आसमान में काले बादल छाए हुए हैं। सुबह साढ़े 8 बजे तक शहर में 0.9 एमएम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.8 डिग्री ज्यादा रहा।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -
- Advertisment -

Most Popular