दान हो तो ऐसा : एक मौत से सात लोगों को मिली जिंदगी : कुलपति डॉ एच के अग्रवाल
पीजीआई के इतिहास में पहली बार ब्रेन डेड होने पर सभी अंग हुए दान
रोहतक : हम किसी को यदि दान दे सकते हैं तो क्या ही दे सकते हैं, वास्तविक दान तो आज भिवानी जिले के 37 वर्षीय युवक के परिजनों ने उसके ब्रेन डेड होने के बाद उसके अंगों के जरिए पांच लोगों को नई जिंदगी और दो लोगों के जीवन में रोशनी भरकर सबसे बड़ा दान दिया है। युवक के परिवार के इस निर्णय ने ने केवल कई मरीजों को जीवन दान दिया अपितु समाज के सामने मानवता की एक प्रेरणादायक मिसाल भी पेश की। यह कहना है पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति डॉक्टर एच के अग्रवाल का। वे गुरुवार को धनवंतरी एपेक्स ट्रॉमा सेंटर में युवक के परिजनों का इस महान कार्य के लिए धन्यवाद करने पहुंचे थे।
डॉ अग्रवाल ने बताया कि यह युवक 26 मार्च को पीजीआइएमएस में रेफर होकर आया था जहां पर सर्जरी विभाग के डॉ ए आर बंसल की यूनिट द्वारा उन्हें ट्रॉमा सेंटर आईसीयू में भर्ती किया गया। यहां पर निषेचन विभागाध्यक्ष डॉ एस के सिंघल के दिशा निर्देशन में डॉ तरुण और उनकी टीम ने मरीज का इलाज प्रारंभ किया। डॉ तरुण ने 7 अप्रैल को पाया कि यह मरीज संभावित ब्रेन डेड लग रहा है तो ऐसे में उन्होंने चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर कुंदन के पास सूचना भेजी। चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर कुंदन मित्तल ने तुरंत प्रभाव से डॉक्टर ए आर बंसल, डॉक्टर तरुण और न्यूरो सर्जरी विभाग से डॉ की टीम गठित करी। जिस पर टीम ने पहले टेस्ट में मरीज को ब्रेन डेड पाया और 12 घंटे बाद भी जब दोबारा मरीज का टेस्ट किया गया तो उसमें भी मरीज ब्रेन डेड पाया गया। कुलपति डॉ अग्रवाल ने बताया कि इसके पश्चात स्टेट ऑर्गन एंड टिशु ट्रांसप्लांट आर्गेनाइजेशन के नोडल अधिकारी डॉ सुखबीर, ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर दीप्ति, रोहित ,डॉ तरुण जब परिवार जनों को युवक के ब्रेन डेड होने की स्थिति के बारे में जानकारी दी और उन्हें ऐसी स्थिति में अंगदान जैसे महादान के बारे में अवगत करवाया तो युवक के पिता ने और अन्य परिजनों ने अंगदान के लिए तुरंत हामी भर दी।
डॉ अग्रवाल ने बताया कि पीजीआईएमएस के इतिहास में हालांकि पहले दो अंगदान हो चुके हैं लेकिन यह पहला अंगदान है जिसमें अंगदाता के सभी अंग दान किए गए हैं। डॉ अग्रवाल ने बताया कि युवक के परिजनों ने लोगों को बचाने के लिए युवक के लंग्स, ह्रदय ,किडनी लिवर, कॉर्निया दान किए हैं।
कुलपति डॉ अग्रवाल ने युवक के परिजनों का तहे दिल से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने अपने बेटे का अंगदान करवा कर प्रदेश में अंगदान के प्रति एक अलख जगा दी है, जिससे उन्हें पूरी उम्मीद है कि अब प्रदेश में इससे काफी जागरुकता बढ़ेगी। डॉ अग्रवाल ने बताया कि युवक के परिजनों द्वारा उठाए गए इस प्रेरणादायक कार्य के लिए पीजीआई के 21 सुरक्षा कर्मचारियों द्वारा सलामी प्रदान की गई वहीं ऑपरेशन थिएटर से एंबुलेंस तक नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों, कर्मचारियों ने लाइन में खड़े होकर फूल बरसाए और युवक को श्रद्धांजलि अर्पित की।
निदेशक डॉक्टर एस के सिंघल ने बताया कि युवक के हृदय, लीवर और लंग्स को नोटो चंडीगढ़ द्वारा दिल्ली के विभिन्न अस्पतालों को अलॉट किया गया था जहां से तीनों अस्पतालों की टीम ने आकर अंगों को निकाला और अपने साथ ले जाकर मरीज को लगाकर उन्हें नया जीवन दान दिया। डॉ सिंघल ने बताया कि युवक की दोनों किडनी और कॉर्निया पीजीआई रोहतक को आलोट हुए थे जो यहां के मरीजों को लगाए गए। डॉ एस के सिंघल ने कहा कि प्रदेश में सोटो द्वारा अंगदान के प्रति चलाई जा रही मुहिम से अंगदान के प्रति लोगों में काफी जागरुकता बढ़ी है। डॉ सोटो हरियाणा के प्रयासों का परिणाम है कि प्रदेश में अंगदान के साथ देहदान भी बढ़ा है।
डॉ सिंघल ने कहा कि अब समय आ गया कि सोटो के इस मुहिम में जन जन जुड़े ओर इसे जन आंदोलन बनाए ओर बाकी सरकारी अस्पताल ओर प्राइवेट हॉस्पिटल भी सरकार से अनुमति लेकर अंगदान रिट्रीवल को अपने अस्पतालों में भी शुरू करें, जिसके लिए सोटो पूरा सहयोग करेगी।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ कुंदन मित्तल ने बताया कि किडनी के लिए एचएलए टेस्ट करवाना जरूरी होता है, जिसके लिए परिजनों की सहमति मिलते ही गढ़ दिवस रात्रि ही यह टेस्ट दिल्ली से करवाया गया। डॉ कुंदन मित्तल ने कहा कि कोई भी अंगदान के इच्छुक व्यक्ति चिकित्सा अधीक्षक स्थित सोटो के 17 नंबर कार्यालय से संपर्क कर सकता है।
हमें सिखाया है कि जीवन में दान की कीमत क्या होती:स्वास्थ्य मंत्री आरती राव
माननीय स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने कहा कि एक जीवन की समाप्ति से आठ लोगों को नई जिंदगी मिलना, यह है असली दान। भिवानी जिले के 37 वर्षीय युवक के परिजनों ने अपने बेटे का अंगदान करवा कर हमें सिखाया है कि जीवन में दान की कीमत क्या होती है।
उन्होंने कहा कि यह दान हमें यह सिखाता है कि हम अपने जीवन में भी दूसरों के लिए कुछ कर सकते हैं, और उनकी जिंदगी में रोशनी भर सकते हैं। मैं युवक के परिजनों का तहे दिल से आभार व्यक्त करती हूं और उन्हें सलाम करती हूं।
स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने बताया कि अंगदान एक ऐसा दान है जो हमें जीवन के बाद भी जिंदा रखता है। मैं सभी से अपील करती हूं कि वे अंगदान के लिए आगे आएं और दूसरों की जिंदगी में रोशनी भरें।
समालखा के विधायक ने दिए परिवार को ₹500000 की आर्थिक सहायता*
गुरुवार को रोहतक आए समालखा के विधायक , हरियाणा सरकार चेयरमैन युवा एवं खेल मामले हरियाणा सरकार मनमोहन भड़ाना को अंगदान की सूचना मिलने पर ट्रॉमा सेंटर पहुंचे और युवक के परिजनों से मुलाकात की। यहां पर उन्होंने अपने कोष से युवक के परिजनों को ₹500000 आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। मनमोहन भड़ाना ने कहा कि वे मानवीय मूल्यों, करुणामई संस्कारों और प्रेरणादायी दृष्टिकोण से किए गए इस अंगदान को सलाम करते हैं और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उनके इस पुण्यशाली कार्य के लिए उनका धन्यवाद व्यक्त करते हैं।
रोहतक पुलिस ने एक दिन में तीन बार ग्रीन कॉरिडोर बनाकर रचा इतिहास
पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति डॉक्टर एच के अग्रवाल ने हरियाणा पुलिस का धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि रोहतक पुलिस के कप्तान गौरव राज पुरोहित की टीम में शामिल 100 से अधिक पुलिस कर्मचारियों ने समय पर अस्पतालों में ऑर्गन पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। डाॅ. अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश के इतिहास में पहली बार एक दिन में तीन बार ग्रीन कोरिडोर बनाने में एक एडिशनल एसपी आयुष यादव, 2 ट्रैफिक एसएचओ जसबीर, प्रवीण सहित 4 ज्यूडिशियरी एसएचओ ने जैसे ही अंग दिल्ली के लिए निकले पूरे शहर के रास्ते को ब्लाॅक करके पूरी स्पीड से अंग रोहतक से दिल्ली के लिए निकलवाने में अहम भूमिका अदा करवाई। जो पूरे प्रदेश के इतिहास में अपने आप में हरियाणा पुलिस के लिए गौरव का विषय है।

