Wednesday, March 19, 2025
Homeस्वास्थ्यफार्मासिस्ट के सेवा नियमों में होगा बदलाव : हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग...

फार्मासिस्ट के सेवा नियमों में होगा बदलाव : हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम से खाली पदों को भरा जाएगा

चंडीगढ़ : हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव ने बताया कि फार्मासिस्ट के सेवा नियमों में बदलाव किया जा रहा है, इसके बाद हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) के माध्यम से फार्मासिस्टों के खाली पदों को भरा जाएगा।

स्वास्थ्य मंत्री विधानसभा में सदन के एक सदस्य द्वारा पूछे गए प्रश्न का जवाब दे रही थी। आरती सिंह राव ने बताया कि फार्मासिस्ट के सेवा नियमों में बदलाव की प्रक्रिया जारी है इसके बाद ही हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग को भर्ती के लिए लिखा जाएगा। उन्होंने बाढड़ा विधानसभा क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में फार्मासिस्ट के खाली पदों को भरे जाने के प्रश्न में बताया कि पीएचसी बाढ़डा, कादमा, बलकरा, माईकलां में फार्मासिस्ट पद पहले से ही भरे हुए हैं। बाकी की पीएचसी में फार्मासिस्ट की भर्ती प्रकिया के बाद खाली पदों को भर दिया जाएगा।

स्वास्थ्य मंत्री ने आगे यह भी जानकारी दी कि बाढ़डा विधानसभा क्षेत्र मे स्वास्थ्य सेवाएं 2 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों गोपी और झोझू कलां तथा 6 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों कादमा, हड़ौदी, माईकलां, बलकरा, सन्तोखपुरा और बाढ़डा के माध्यम से प्रदान की जा रही हैं। इनमें से पीएचसी हड़ौदी और पीएचसी सन्तोखपुरा में डेन्टल एक्स-रे की सुविधा उपलब्ध है। पीएचसी बाढ़डा में यह सुविधा जल्द उपलब्ध करवाई जाएगी।

सिविल अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार ने हाल ही में 561 डॉक्टरों का चयन किया था , उनको जल्द ही नियुक्ति देकर सर्वप्रथम राज्य के सभी सिविल अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा, इन सभी अस्पतालों में चिकित्सा उपकरणों की कमी को पूरा किया जाएगा ताकि मरीजों को सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं सस्ती एवं सुलभ तरीके से मिल सकें। कुमारी आरती सिंह राव ने बताया कि सिविल अस्पताल चरखी दादरी में एक फिजिशियन नियुक्त है और एक सर्जन की प्रतिनियुक्ति भी कर दी गई है। आगामी समय में अस्पताल के अन्य खाली पदों को भी भरने का प्रयास किया जाएगा।

 

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -

Most Popular