रोहतक : उपायुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने स्थानीय सोनीपत रोड स्थित चौ. सर छोटूराम स्टेडियम से नगर निगम के आयुक्त धर्मेन्द्र सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार तथा नगर निगम की संयुक्त आयुक्त नमिता सिंह के साथ एक प्रयास-एक साथ स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने सोनीपत रोड के साथ-साथ बने सिंचाई विभाग के वाटर चैनल तथा नगर निगम के नाले का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि वाटर चैनल पर किए गए अवैध कब्जों को तुरंत हटाया जाए।
धीरेंद्र खड़गटा स्थानीय चौ. सर छोटूराम स्टेडियम परिसर से विशेष स्वच्छता अभियान का शुभारंभ करने के उपरांत सोनीपत रोड का निरीक्षण कर रहे थे। यह स्वच्छता अभियान चौ. सर छोटूराम स्टेडियम से शुरू होकर सेक्टर 2 स्थित हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के कार्यालय पर संपन्न हुआ। इससे पूर्व धीरेंद्र खड़गटा ने स्वच्छता अभियान की ओर से नगर निगम के आयुक्त धर्मेन्द्र सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार तथा नगर निगम की संयुक्त आयुक्त नमिता सिंह के साथ सफाई कर्मियों को टी-शर्ट वितरित की।
सरकारी भूमि पर रखे गए जनरेटर सैट को छतों पर रखवाया जाए
उपायुक्त ने कहा कि अवैध कब्जा करने वालों को स्वयं कब्जे हटाने के लिए एक मौका दिया जाए। सरकारी भूमि या निगम की भूमि पर जनरेटर सैट रखने वालों को नोटिस देकर उन्हें छतों पर रखवाया जाए। वाटर चैनल तथा नगर निगम के नाले पर लगाए गए सभी होर्डिंग, शैड को तुरंत हटाया जाए तथा इन पर किए गए अनाधिकृत कब्जों को हटाया जाए। वाटर चैनल से निकाली गई गाद को संबंधित विभाग द्वारा तुरंत उठवाया जाए।
नागरिक शहर को साफ व सुन्दर बनाने में अपनी जिम्मेवारी का करें निर्वहन
उपायुक्त ने कहा कि शहर को साफ व सुन्दर बनाने के लिए नागरिक भी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करें। नागरिक सड़कों या गलियों में कचरा न डाले। कचरे को निगम के कचरा एकत्रित करने वाले वाहनों में ही डाले। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा सफाई कर्मचारियों को सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाए, जो सफाई के महत्वपूर्ण कार्य में महत्वपूूर्ण योगदान दे रहे है। उन्होंने कहा कि वाटर चैनल तथा गंदे पानी की निकासी के लिए बनाए गए नाले की सफाई करवाई जाए।
नगर निगम स्ट्रीट वेंडिंग जोन व पार्किंग जोन को करे चिन्हित
उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा शहर में चिन्हित किए गए स्ट्रीट वेंडिंग जोन में वेंडर्स को शिफ्ट करवाया जाए तथा पार्किंग जोन भी चिन्हित किए जाए। उन्होंने जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे वाटर चैनल की अच्छे से सफाई करवाए तथा ब्लॉक हुए पाइप को खुलवाना सुनिश्चित करें ताकि जल घरों तक जल की पर्याप्त मात्रा पहुंच सके। नगर निगम द्वारा जल निकासी के लिए बनाए गए नालों की सफाई करवाई जाए। उन्होंने कहा कि सोनीपत रोड़ के दोनों तरफ से अवैध कब्जे हटवाकर सफाई अभियान चलाया जाए।
सफाई अभियान में सभी का सहयोग है वांछित : निगमायुक्त धर्मेन्द्र सिंह
नगर निगम आयुक्त धर्मेन्द्र सिंह ने कहा कि अकेला सफाई अभियान में केवल नगर निगम अपने दम पर पूर्ण सफलता हासिल नहीं कर सकता बल्कि इस महत्वपूर्ण कार्य में शहर के प्रत्येक नागरिक का सहयोग जरूरी है। उन्होंने कहा कि नागरिक सफाई के कार्य को धर्म समझकर अपना योगदान दें ताकि शहर को प्रदेश का सबसे स्वच्छ व सुन्दर शहर बना सके। नगर निगम द्वारा रूटीन में साफ-सफाई करवाई जाती है। सभी के सहयोग से शहर में सफाई के क्षेत्र में बदलाव लाने में सफलता हासिल होगी। उन्होंने सफाई कर्मचारियों को आज के कार्यक्रम के मुख्यातिथि की संज्ञा देते हुए कहा कि सफाई कर्मचारी निरंतर शहर में साफ-सफाई कर महत्वपूर्ण कार्य कर रहे है।
नागरिक स्वच्छता को अपने व्यवहार में करें शामिल : संयुक्त आयुक्त नमिता सिंह
नगर निगम की संयुक्त आयुक्त नमिता सिंह ने शहर निवासियों से अपील की कि वे स्वच्छता को अपने व्यवहार में शामिल करें। कभी भी सड़क या गलियों के किनारे कचरा न फेंके। उन्होंने सफाई कर्मचारियों से कहा कि वे एक बार शहर की अच्छे से सफाई करें उसके बाद नागरिक स्वयं अपने शहर को स्वच्छ व सुन्दर रखेंगे। नगर निगम द्वारा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि काफी समय पहले रोहतक प्रदेश के सभी शहरों में स्वच्छ व सुन्दर शहर था। हमें पुन: रोहतक को प्रदेश का सबसे स्वच्छ व सुन्दर शहर बनाना है। उन्होंने स्वच्छता के प्रति जापान में नागरिकों की जागरूकता का उदाहरण देते हुए कहा कि जापान के लोग स्वयं अपने देश को स्वच्छ रखने में आगे आकर कार्य कर रहे है।
इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता अरूण कुमार, नगर निगम के कार्यकारी अभियंता मनदीप धनखड़, लेखा अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी, एनजीओ के प्रतिनिधि व सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।