Rohtak News : परीक्षा प्रणाली की शुचिता को सुनिश्चित करने, तथा सुचारू एवं पारदर्शी ढंग से परीक्षाएं आयोजित करने का आह्वान महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (MDU) के कुलपति प्रो. मिलाप पूनियां ने गुरुवार को विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों/संस्थानों के प्राचार्यों तथा निदेशकों की बैठक में किया।
विश्वविद्यालय के परीक्षा कार्यालय एवं संचालन शाखा द्वारा ऑफलाइन तथा ऑनलाइन माध्यम से आयोजित इस बैठक में कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था की पवित्रता बनाए रखने का दायित्व विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ-साथ संबद्ध महाविद्यालयों पर भी है।
कुलपति ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि परीक्षा संचालन नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षाओं के दौरान अनुचित साधनों के उपयोग पर रोक सख्ती से लगाई जाए। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन तथा इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का प्रयोग कड़ाई से रोका जाए।
संबंधित जिला प्रशासन तथा पुलिस प्रशासन का इस संबंध में सहयोग लेने की बात कुलपति ने कही। कुलपति ने आह्वान किया कि संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्य गण परीक्षा संचालन में शैक्षणिक नेतृत्व प्रदान करेंगे।
डीन, एकेडमिक अफेयर्स प्रो. ए. एस. मान ने विश्वविद्यालय प्रशासन तथा संबद्ध महाविद्यालयों के सामूहिक प्रयासों से सुचारू परीक्षा संचालन संभव होगा। कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल ने कहा कि परीक्षाओं का सुचारू संचालन विवि प्रशासन तथा संबद्ध महाविद्यालयों का नैतिक दायित्व है।
परीक्षा नियंत्रक प्रो. राहुल ऋषि ने बैठक में परीक्षा संचालन संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश साझा किए। उन्होंने कहा कि प्राचार्यगण विवि परीक्षा कार्यालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से अनुपालन करें।बैठक में ऑनलाइन माध्यम से उपस्थित प्राचार्यों ने भी अपने इनपुट्स दिए।

