Friday, October 18, 2024
Homeहरियाणाराज्य स्तरीय खेल महाकुंभ प्रतियोगिता का शुभारंभ, 1656 खिलाड़ी दिखाएंगे अपनी प्रतिभा

राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ प्रतियोगिता का शुभारंभ, 1656 खिलाड़ी दिखाएंगे अपनी प्रतिभा

कुरुक्षेत्र। द्रोणाचार्य स्टेडियम में खेल विभाग हरियाणा द्वारा राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ 2024 के शुभारंभ अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त डा. वैशाली शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा के खिलाड़ी अपना हुनर दिखा रहे है। इस समय हरियाणा के खिलाड़ियों का पूरे विश्व में दबदबा है। इस मुकाम तक पहुंचने के लिए खेल महाकुंभ जैसी प्रतियोगिताए खिलाड़ियों के सफर को सहज बनाती है। इसलिए इस प्रकार की प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।

इससे पहले एडीसी डा. वैशाली शर्मा ने प्रदेश भर से आए खिलाड़ियों के मार्च पास्ट को सलामी दी और विधिवत रुप से खेल प्रतियोगिताओं का शुरु करने की घोषणा की। इसके साथ ही एडीसी ने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ खेलने की शपथ भी दिलवाई।

एडीसी ने कहा कि खेल हमारे जीवन का अभिन्न अंग है, खेल को खेल की भावना से खेलना चाहिए, खेल खेलने से शरीर स्वस्थ रहता है तथा किसी प्रकार की कोई बीमारी नहीं होती। जीवन में हार जीत चलती रहती है लेकिन हमें हमेशा सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना है और अपने लक्ष्य को प्राप्त करना है।

उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि अपने बच्चों को खेलों के प्रति प्रेरित करे तथा उनको उनकी रूचि के अनुसार खेलोंं में आगे बढ़ने में मदद करे। राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ 2024 आगामी 28 जुलाई तक चलेगा, इस तीन दिवसीय खेल महाकुंभ में साइकिलिंग, जुड्डो, हॉकी और वॉलीबॉल खेलों का आयोजन होगा।

एडीसी ने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों के लिए अनेक कार्य कर रही है, हर गांव में स्टेडियम बनाएं जा रहे है, जहां पर खिलाड़ी अपने खेल से संबंधित खेल का प्रशिक्षण लेंगे। इसके साथ-साथ व्यायामशालाएं बनाई जा चुकी है, जहां पर शरीर को स्वस्थ रखने के लिए व्यायामशालाओं में योग करते है। इस राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ में प्रदेश के सभी जिलों के 1656 खिलाड़ी भाग ले रहे है, जिसमें 1094 पुरुष खिलाड़ी तथा 562 महिला खिलाड़ी शामिल है। इन खेलों में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की सडक़ पर तथा चंडीगढ हिसार हाईवे पर साइक्लिंग, द्रोणाचार्य स्टेडियम कुरुक्षेत्र में जूडो, मारकंडेश्वर हॉकी स्टेडियम शाहबाद में हॉकी और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में वॉलीवाल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।

एडीसी ने इस मौके पर मार्च पास्ट की सलामी ली और खेल प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा की तथा सभी खिलाडिय़ों को मादक पदार्थों से दूर रहकर एक सच्चे खिलाड़ी की भावना से खेलों के गौरव संबंधित शपथ दिलवाई।

जिला खेल अधिकारी मनोज कुमार ने आए हुए अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि खेल महाकुंभ में प्रदेश भर से आए खिलाडिय़ों के लिए खेल विभाग हरियाणा की तरफ से ठहरने, खाने सहित अन्य प्रकार तमाम पुख्ता प्रबंध किए है। इस प्रतियोगिता में खिलाडिय़ों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।

जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी विकास कुमार ने आए हुए अतिथियों का आभार प्रकट किया। इस कार्यक्रम के मंच का संचालन एआईपीआरओ बलराम शर्मा ने किया। इस मौके पर साइकिलिंग कोच पंजाब सिंह, जुड्डो कोच रामनिवास, हॉकी कोच गुरबाज सिंह, वॉलीवाल कोच रजनी देवी सहित प्रदेश भर से आए हुए खिलाड़ी उपस्थित थे।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -

Most Popular