Wednesday, August 26, 2026
HomeहरियाणाHTET-2025 के अभ्यर्थियों को बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन के लिए दूसरा अवसर

HTET-2025 के अभ्यर्थियों को बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन के लिए दूसरा अवसर

भिवानी :  हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ एवं सचिव दीपक बाबूलाल करवा ने बताया कि हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा-2025 का आयोजन 04 व 05 जुलाई, 2026 को करवाया गया था। इस परीक्षा का परिणाम 22 अगस्त को घोषित किया जा चुका है। परीक्षा परिणाम घोषणा से पूर्व 10 अगस्त से 12 अगस्त, 2026 तक अभ्यर्थियों द्वारा विभिन्न जिलों में स्थापित वेरीफिकेशन केन्द्रों पर बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन करवाई गई थी।

उन्होंने बताया कि बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन प्रक्रिया में अनुपस्थित रहे अभ्यर्थी अर्थात जिनका परीक्षा परिणाम RLV( Result late due to verification) दर्शाया गया है, ऐसे अभ्यर्थियों को 30 व 31 अगस्त, 2026 को बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूर्ण करने के लिए दूसरा अवसर दिया जा रहा है। उन्होंने आगे बताया कि बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूर्ण करने के लिए बोर्ड मुख्यालय, भिवानी पर बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन केन्द्र स्थापित किया गया है। अन्य राज्यों से संबंधित अभ्यर्थी भी अपनी बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन बोर्ड मुख्यालय, भिवानी पर करवा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन के लिए अभ्यर्थियों द्वारा अपना फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र तथा मूल प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) लेकर आना अनिवार्य होगा। ऐसे अभ्यर्थी जिनकी बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूर्ण करवाई जानी शेष है, उन सभी अभ्यर्थियों को उनके द्वारा ऑनलाइन आवेदन करते समय उपलब्ध करवाए गए पंजीकृत मोबाइल नंबर/ई-मेल पर बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन प्रक्रिया बारे संदेश भेजा जा रहा है। जो अभ्यर्थी इन तिथियों में यह प्रक्रिया पूर्ण नहीं करते हैं, उनका परीक्षा परिणाम घोषित नहीं किया जाएगा।

RELATED NEWS
spot_img

Most Popular