Rohtak News : रोहतक पुलिस की सीआईए-2 स्टाफ की टीम ने खरावड आउटर बाईपास के पास गोली मारने व अपहरण करने की वारदात में फरार चल रहे आरोपी दीपक को मुठभेड़ के बाद काबू किया गया है। आरोपी से 1 देसी पिस्तौल व एक बाइक बरामद हुई है। आरोपी को इलाज के लिए पीजीआईएमएस रोहतक मे दाखिल कराया गया है।
पुलिस अधीक्षक रोहतक सुरेन्द्र सिंह भौरिया ने बताया कि 20 फरवरी को पुलिस को सूचना मिली की गांव खरावड आउटर बाईपास पुल के पास ब्रेज़ा गाडी पर गोलियां लगी हुई है व आस पास खून व खोल पडे़ है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंच कर घटनास्थल का जायजा लिया। गाडी मालिक की पहचान की गई। युवक की पहचान सत्यवान पुत्र स्व. दिवान निवासी खेडी साध, रोहतक के रुप मे हुई।
सत्यवान की माता की शिकायत के आधार पर थाना आईएमटी में अभियोग संख्या 37/2026 अंकित किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि 20 फरवरी को सत्यवान अपने बेटे को पेपर दिलाने कि लिए गाड़ी से खरखौदा गया हुआ था। जिसके बाद सत्यवानअपने किसी कार्य से सांपला तहसील मे गया हुआ था। जब सत्यवान गांव खरावड़ आउटर बाईपास पुल के पास पहुंचा तो ब्रेजा गाड़ी में सवार सत्यवान पर अज्ञात युवकों द्वारा गोलियां चलाई गई। अज्ञात युवक सत्यवान का अपहरण कर अपने साथ ले गए तथा गाड़ी को मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुये अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रोहतक प्रतीक अग्रवाल के नेतृत्व में एसआईटी टीम का गठन किया गया। जिसमे प्रभारी थाना आईएमटी निरीक्षक बिजेंद्र सिंह, सीआईए-1, सीआईए- 2 स्टाफ व साइबर सेल को शामिल किया गया। 24 फरवरी की सुबह कन्हेली पहरावर रोड पर जे.एन.एल. नहर में मृतक सत्यवान के शव को पुलिस ने बरामद किया। वारदात मे शामिल रहे 6 आरोपियों को पहले काबू किया जा चुका है। 24 फरवरी को आरोपी मनीष व मंजीत को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपियों से 5 देसी पिस्तौल व 5 रौंद बरामद हुए थे। 26 फरवरी को सुशील व अजय को गिरफ्तार किया गया। 2 मार्च को आरोपी प्रदीप डागर व सोमबीर को मुठभेड़ के दौरान काबू किया गया। जिनका उपचार पीजीआईएमएस मे चल रहा है। आरोपी प्रदीप व उसके साथी से 2 देसी पिस्तौल, 3 रौंद व एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। वारदात मे फरार चल रहे मुख्य आरोपियों को पुलिस टीम के द्वारा निरंतर छापेमारी की जा रही थी।
पुलिस के साथ मुठभेड़
5 मार्च को शाम के समय सीआईए-2 स्टाफ टीम को सूचना मिली की सत्यवान हत्याकांड मे शामिल रहा आरोपी गांधरा से अटायल रोड पर घूम रहा है। प्रभारी सीआईए-2 स्टाफ उप.नि. सतीश कादयान ने सूचना पर तुंरत कार्रवाई करते हुए सीआईए-2 स्टाफ की टीम का गठन कर मौके का रवाना किया गया। सीआईए-2 स्टाफ की टीम ने गांधरा से अटायल रोड पर मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध युवक को रोकने की कोशिश की। युवक ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से सीधे फायर किए। पुलिस टीम ने युवक को सरेंडर करने की चेतावनी देते हुये हवाई फायर किया। उसके बाद भी युवक ने पुलिस टीम पर फॉयर किये। सीआईए-2 स्टाफ की टीम ने सूझबूझ व बहादुरी का परिचय देते हुए अपना बचाव किया तथा आत्मरक्षा में युवक पर फायर किया। जो इसी दौरान युवक को दोनों पैरों पर गोली लग गई। सीआईए-2 स्टाफ द्वारा युवक को काबू किया जिसकी पहचान दीपक पुत्र धर्मबीर निवासी लाठ के रूप में हुई है। युवक के पास से एक देसी पिस्तौल व एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। युवक को तुरंत उपचार के लिए पीजीआईएमएस रोहतक में दाखिल कराया गया है। आरोपी दीपक पर 4 आपराधिक मामले दर्ज है।आरोपी के खिलाफ हत्या, अवैध हथियार, मारपीट आदि धाराओं के तहत मामले दर्ज है।
बात दें कि सत्यवान ने 2018 में अपने ही गांव के एक युवक की हत्या की थी। जिसमे सत्यवान को अदालत द्वारा आजीवन कारावास की सजा से दंडित किया गया है। सत्यवान द्वारा हाईकोर्ट में सजा के खिलाफ अपील दायर कर रखी है। करीब 6 महीने पहले सत्यवान हाईकोर्ट से जमानत पर जेल से बाहर आया था। उसी रंजिश के तहत सत्यवान की हत्या की गई है।

