Rohtak News : राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, रोहतक की टीम ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए आरटीओ कार्यालय, गांव कन्हेली (रोहतक) के निरीक्षक राकेश राणा 1 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया जबकि मनीष मदान सहायक सचिव को इस मामले में संलिप्तता के चलते गिरफ्तार किया गया है। आरोपी निरीक्षक राकेश राणा को एसीबी की टीम ने महर्षि दयानन्द कॉलोनी, रोहतक से 1,00,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया।इस संबंध में थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, रोहतक में अभियोग संख्या 14 दिनांक 05.05.2026 धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
शिकायतकर्ता, जो निजी बसों व ट्रालों के साझेदारी व्यवसाय से जुड़ा है, ने ब्यूरो में शिकायत दी कि उसके ट्राले का चालान आरटीओ विभाग रोहतक द्वारा किया गया था। चालान जमा करवाने के लिए वह आरटीओ कार्यालय, कन्हेली पहुंचा, जहां उसकी मुलाकात निरीक्षक राकेश राणा व सहायक सचिव मनीष मदान से हुई। आरोपियों ने शिकायतकर्ता पर दबाव बनाते हुए कहा कि यदि वह “सेटिंग” नहीं करेगा तो उसके वाहनों के लगातार चालान किए जाएंगे। इस पर आरोपियों ने प्रति वाहन 7,000 रुपये मासिक रिश्वत की मांग की।
शिकायतकर्ता के अनुसार, उसके व उसके साथियों के लगभग 150 वाहन चलते हैं, जिसके लिए कुल 10,50,000 रुपये मासिक रिश्वत मांगी गई। बाद में यह सौदा 8,00,000 रुपये प्रतिमाह पर तय हुआ, जिसमें से 5,50,000 रुपये शिकायतकर्ता पहले ही दे चुका था।
5 मई को आरोपियों को 1,00,000 रुपये की रिश्वत दी जानी थी। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था और उसने इसकी सूचना ब्यूरो को दी। शिकायत के आधार पर रेडिंग पार्टी का गठन किया गया। टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए आरटीओ कार्यालय कन्हेली के निरीक्षक राकेश राणा को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। एसीबी की टीम ने साक्ष्यों के आधार पर सहायक सचिव मनीष मदान को भी गिरफ्तार कर लिया।

