Friday, April 24, 2026
Homeदेशरोहतक की बेटी का ऑस्ट्रेलिया की एडिलेड यूनिवर्सिटी में चयन, सौर ऊर्जा...

रोहतक की बेटी का ऑस्ट्रेलिया की एडिलेड यूनिवर्सिटी में चयन, सौर ऊर्जा पर शोध करेंगी वंशिका

  • खेड़ी साध की रहने वाली वंशिका गहलावत ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया

Rohtak News : महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी रोहतक के फिजिक्स विभाग की 2023-25 बैच की होनहार छात्रा और निकटवर्ती गांव खेड़ी साध की रहने वाली वंशिका गहलावत ने सात समंदर पार अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।

वंशिका का चयन ऑस्ट्रेलिया की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी ऑफ एडिलेड के एक महत्वपूर्ण रिसर्च प्रोजेक्ट के लिए हुआ है। साधारण ग्रामीण परिवेश से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह उपलब्धि हासिल कर वंशिका ने न केवल एमडीयू और अपने गांव, बल्कि पूरे हरियाणा और देश का मान बढ़ाया है।

वंशिका का यह रिसर्च प्रोजेक्ट सौर ऊर्जा के भविष्य को बदलने वाला साबित होगा। वे ड्यूरेबल क्वांटम-कटिंग कंपोजिट पर काम करेंगी। इस तकनीक का उद्देश्य उन सौर पैनलों की कार्यक्षमता बढ़ाना है, जो ट्रक, जहाज या विमान जैसे कठिन वातावरण में खराब हो जाते हैं। वंशिका एक ऐसी विशेष सुरक्षा परत विकसित करेंगी जो हानिकारक यूवी किरणों को बिजली में बदलने में मदद करेगी।

इस शोध परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 22 हजार डॉलर है, जिसकी व्यवस्था प्रतिस्पर्धात्मक अनुदानों से की जाएगी। परियोजना का मार्गदर्शन ऑस्ट्रेलिया की वैज्ञानिक प्रो. हाइके एबेंडॉर्फ-हाइडप्रियम करेंगे। परियोजना का औद्योगिक जुड़ाव प्राक्सिस लैब्स से भी है, जिससे तकनीकी विकास को बल मिलेगा।

कुलपति ने दी बधाई

महर्षि दयानन्द यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने छात्रा वंशिका गहलावत को इस वैश्विक सफलता पर बधाई और शुभकामनाएं दी। कुलपति ने कहा कि ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना वंशिका की कड़ी मेहनत का परिणाम है। यह विश्वविद्यालय और पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है, उन्होंने वंशिका की इस उपलब्धि को अन्य छात्रों के लिए प्रेरणादायी बताया।

समाज के लिए उपयोगी शोध करना लक्ष्य : वंशिका

फिजिक्स विभाग के 2023-25 बैच की छात्रा वंशिका गहलावत ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने गुरुजनों को देते हुए कहा कि मेरा लक्ष्य विज्ञान के माध्यम से समाज की समस्याओं का समाधान करना है। एडिलेड यूनिवर्सिटी का यह प्रोजेक्ट मुझे अंतरराष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों और आधुनिक प्रयोगशालाओं में सीखने का मौका देगा।

RELATED NEWS

Most Popular