रोहतक : महिला एवं बाल विकास और सिंचाई तथा जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि सभी विभागाध्यक्ष जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की बैठक को गंभीरता से लेते हुए उपस्थिति सुनिश्चित करें। अधिकारी टीम भावना के साथ कार्य करते हुये जिला में सभी अच्छे कार्य करवायें। उन्होंने नागरिकों का आह्वान किया कि वे आपसी विवादों का भाईचारे के साथ मिलकर निपटारा करें।
श्रुति चैधरी स्थानीय जिला विकास भवन स्थित डीआरडीए सभागार में जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता कर रही थी। बैठक के एजेंडे में शामिल सभी 12 शिकायतों की सुनवाई करते हुए ज्यादातर शिकायतों का मौके पर निपटारा किया गया तथा शेष शिकायतों की जांच के लिए जांच समितियों का गठन किया गया। उन्होंने महम के वार्ड 9 निवासी रतनलाल की शिकायत की सुनवाई करते हुए कहा कि डॉक्टर की लापरवाही से संबंधित इस मामले की पूर्ण जांच की जाये। उन्होंने अतिरिक्त उपायुक्त सहित अन्य संबंधित अधिकारियों की समिति गठित कर जांच प्रस्तुत करने को कहा। जांच रिपोर्ट के अनुसार संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने खिडवाली निवासी राजकुमार की शिकायत की सुनवाई करते हुए पुलिस अधीक्षक से इस मामले में धोखाधडी के आरोपी को विदेश से वापिस लाने के लिए विशेष प्रयास करने को कहा। उन्होंने बिल्लो पत्नी जयपाल की शिकायत के संदर्भ में अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में समिति गठित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता को न्याय दिलवाया जायेगा। उन्होंने कलानौर निवासियों की शिकायत की सुनवाई करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में समिति गठित करने के निर्देश दिये। उन्होंने फरमाणा बादशाहपुर निवासीगण की शिकायत की सुनवाई करते हुए कहा कि वे आपसी विवादों का आपसी भाईचारे में मिलकर निपटारा करें। सभी पक्ष एक अक्तूबर को उपायुक्त सतबीर सिंह से मिलकर अपना पक्ष रखेंगे।
सिंचाई तथा जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने रिठाल फौगाट निवासियों की शिकायत की सुनवाई करते हुए कहा कि ग्रामीण विभाग का सहयोग करें तथा विभाग द्वारा ग्रामीणों की समस्या का हल निकाला जायेगा। ग्राम पंचायत बलंभ की शिकायत की सुनवाई करते हुए उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को विद्यालय के नए भवन के निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू करने के निर्देश दिये। स्थानीय बाबा मस्तनाथ नगर निवासियों की शिकायत के संदर्भ में बताया गया कि विकास शुल्क बारे निर्णय उच्च स्तर पर लिया जायेगा। उन्होंने गुरुग्राम निवासी मनोज कटारिया की मांग पर मामले की जांच को रोहतक से गुरुग्राम स्थानांतरित करने की सिफारिश भिजवाने को कहा। बैठक में मोखरा निवासी अमित की शिकायत की सुनवाई करते हुए कहा कि पुलिस विभाग द्वारा संबंधित जांच अधिकारी की जांच की जा रही है तथा नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि रिठाल फौगाट के किसानों की समस्या के समाधान के लिए प्रशासन के उच्चाधिकारी जल्द गांव का दौरा कर माइक्रो एसटीपी स्थापित करने की संभावना का पता करेंगे। प्रशासन द्वारा किसानों की समस्या प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करवाया जायेगा। उन्होंने बलंभ गांव में राजकीय उच्च विद्यालय के नए भवन के निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू करने के निर्देश दिये। उन्होंने फरमाणा बादशाहपुर के शिकायतकर्ता व संबंधित पक्ष को एक अक्तूबर को अपने कार्यालय में आमंत्रित किया। दोनों पक्षों का पक्ष जानकर जिला प्रशासन द्वारा शीघ्र उचित निर्णय लिया जायेगा। पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित ने विभाग से संबंधित शिकायतों के संदर्भ में विभागीय कार्यवाही की जानकारी दी तथा शीघ्र कार्यवाही करने का आश्वासन दिया।
इस मौके पर उपायुक्त सतबीर सिंह, नगर निगम आयुक्त सतेंद्र दूहन, पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित, अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, भाजपा के जिला अध्यक्ष एडवोकेट रणवीर सिंह ढाका, मेयर रामअवतार वाल्मीकि, जिला परिषद की चेयरपर्सन मंजू हुड्डा, युवा नेता दीपक निवास हुड्डा, रमेश भाटिया, महंत सतीश दास, चेयरमैन खुशीराम हुड्डा, डाॅ अंकुश बिड्डू, कुलविंद्र सिक्का सहित समिति के मनोनित सदस्यगण एवं संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी मौजूद रहे।

