Saturday, March 7, 2026
Homeहरियाणारोहतकरोहतक के मुद्दे विधानसभा में गूंजे : MLA बीबी बत्रा ने उठाई...

रोहतक के मुद्दे विधानसभा में गूंजे : MLA बीबी बत्रा ने उठाई शहर की मूलभूत समस्याएं

रोहतक : हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र में विधायक भारत भूषण बत्रा ने शहर से जुड़े कई महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाया है। बत्रा ने रोहतक की कॉलोनियों में लटकती बिजली व टेलीकॉम तारों से पैदा हो रहे खतरे, सेक्टरों की पुरानी सीवरेज व्यवस्था और गांव डोभ क्षेत्र में बाधित सिंचाई व्यवस्था को सदन में प्रमुखता से रखते हुए सरकार से जवाब मांगा।

बत्रा ने सबसे पहले रोहतक शहर की रिहायशी कॉलोनियों में बेतहाशा लटकती बिजली और इंटरनेट/टेलीकॉम तारों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि शहर के कई क्षेत्रों में बिजली तथा केबल ऑपरेटरों की तारें बेहद नीचे तक लटक रही हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। कई स्थानों पर बाइक सवारों और पैदल चलने वालों को इन तारों के कारण परेशानी उठानी पड़ती है।

बत्रा ने कहा कि यह केवल तकनीकी समस्या नहीं बल्कि मानवीय और शहरी सौंदर्य से जुड़ा विषय भी है। सड़कों और कॉलोनियों में लटकती तारें शहर की छवि को खराब करती हैं। उन्होंने कहा कि कई जगहों पर बिजली, इंटरनेट और केबल ऑपरेटरों की तारें एक साथ उलझी हुई दिखाई देती हैं, जिससे खतरा बढ़ता है ।
उन्होंने सरकार से पूछा कि इन लटकती तारों को हटाने, व्यवस्थित करने या भूमिगत करने के लिए क्या ठोस योजना बनाई गई है ताकि शहर के नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और रोहतक की शहरी छवि बेहतर बन सके।

पुरानी ‘P2 टाइप’ पाइपों के कारण सीवरेज व्यवस्था पर सवाल उठाया बत्रा ने

  • बत्रा ने रोहतक के सेक्टर 1, 2, 3, 4 और 14 की सीवरेज व्यवस्था का मुद्दा भी सदन में उठाया। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में पुरानी डिजाइन की ‘P2 टाइप’ सीवर पाइपें लगी हुई हैं जो अब जर्जर हो चुकी हैं। समय के साथ इन पाइपों की क्षमता कम हो गई है और कई स्थानों पर सीवरेज व्यवस्था प्रभावित होती है।
  • उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इन पाइपों को नहीं बदला गया तो भविष्य में शहर के निवासियों को बड़ी समस्या का सामना करना पड़ सकता है। बत्रा ने सरकार से इन पुरानी पाइपों को आधुनिक और ज्यादा टिकाऊ पाइपों से बदलने की योजना और इसके लिए स्वीकृत बजट की जानकारी मांगी।
  • इसके साथ ही बत्रा ने गांव डोभ क्षेत्र के किसानों की सिंचाई समस्या को सदन में उठाया। उन्होंने बताया कि दिल्ली-हिसार राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-10/9) के निर्माण के दौरान मुरब्बा नंबर 62 और 67 के पास से गुजरने वाला नहर का नाला बाधित हो गया है। इसके कारण दक्षिण दिशा की कृषि भूमि तक नहरी पानी नहीं पहुंच पा रहा है। बत्रा ने कहा कि इस समस्या के कारण किसानों की बड़ी कृषि भूमि सिंचाई से वंचित हो गई है और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से पूछा कि इस समस्या का स्थायी समाधान कब तक किया जाएगा।
  • बत्रा ने कहा कि रोहतक के नागरिकों और किसानों की समस्याओं को विधानसभा में उठाना उनका कर्तव्य है। शहर के विकास, नागरिक सुरक्षा और किसानों के हितों से जुड़े मुद्दों पर वे लगातार आवाज उठाते रहेंगे ताकि सरकार इन समस्याओं का समाधान करे।
  • ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने भेजे गए जवाब में बताया कि रोहतक की कुछ रिहायशी कॉलोनियों में बिजली तथा इंटरनेट/टेलीकॉम की तारें लटकने की समस्या सामने आई है। अप्रैल 2025 से अब तक लगभग 40 किलोमीटर बेयर कंडक्टर को इंसुलेटेड XLPE केबल से बदला गया है, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी। शहर में एचटी और एलटी ओवरहेड लाइनों की ऊंचाई 30 से 40 मीटर तक रखी गई है। साथ ही अवैध केबलों की पहचान कर उन्हें हटाने के लिए अभियान भी चलाए जा रहे हैं।

सीवरेज व्यवस्था पर पुनः मुख्यमंत्री ने दिया जवाब

मुख्यमंत्री नायब सिंह ने बताया कि रोहतक के सेक्टर 1, 2, 3, 4 और 14 में सीवरेज व्यवस्था सामान्य रूप से कार्य कर रही है! हालांकि पुरानी सीवर लाइनों को आधुनिक और ज्यादा टिकाऊ पाइपों से बदलने के लिए 670.50 लाख रुपये का अनुमान स्वीकृत किया गया है। इसके लिए टेंडर जारी कर दिया गया है और 2 मार्च 2026 को खोला जाएगा। कार्य आवंटन के बाद लगभग नौ महीने में इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी ने  दिया आश्वासन

सिंचाई मंत्री ने बताया कि डोभ माइनर का जलमार्ग दिल्ली-हिसार राष्ट्रीय राजमार्ग को पार करता है। एनएचएआई द्वारा इस क्रॉसिंग पर पुलिया बनाई गई थी, लेकिन इसके अवरुद्ध होने के कारण खेतों तक पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई है। पुलिया का तल स्तर जलमार्ग के तल स्तर से ऊंचा होने के कारण पानी अंतिम छोर तक नहीं पहुंच पा रहा। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए सिंचाई पाइप/साइफन बनाने हेतु एनएचएआई से अनापत्ति प्रमाण पत्र लिया जा रहा है और अनुमति मिलते ही कार्य शुरू होगा ।

RELATED NEWS

Most Popular