Friday, September 11, 2026
Homeदिल्लीशहीद स्क्वाड्रन लीडर अनुज वशिष्ठ को लोगों ने दी अंतिम विदाई, सैन्य सम्मान...

शहीद स्क्वाड्रन लीडर अनुज वशिष्ठ को लोगों ने दी अंतिम विदाई, सैन्य सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

रोहतक :असम के कार्बी आंगलोंग में हुई सुखोई (एसयू-30 एमकेआई) विमान दुर्घटना में शहीद हुए स्क्वाड्रन लीडर अनुज वशिष्ठ का शनिवार को उनके पैतृक गांव ककराना में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

प्रदेश सरकार की ओर से सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा ने शहीद स्क्वाड्रन लीडर अनुज वशिष्ठ के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। अपने श्रद्धांजलि संदेश में उन्होंने कहा कि शहीद अनुज वशिष्ठ की कमी न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे देश को हमेशा महसूस होगी। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा के लिए दिया गया उनका सर्वोच्च बलिदान सदैव याद रखा जाएगा।

जिला प्रशासन की ओर से रोहतक के एसडीएम आशीष कुमार ने भी पुष्पचक्र अर्पित कर शहीद को श्रद्धांजलि दी। शहीद की अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर शहीद अनुज वशिष्ठ अमर रहें के नारे लगाए और अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई दी। इस अवसर पर वायु सेना की टुकड़ी द्वारा हवा में फायर कर शहीद को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। पूरे सैन्य सम्मान के साथ शहीद का अंतिम संस्कार किया गया। सेना के अधिकारियों ने शहीद के दादा महाबीर तथा पिता सेवानिवृत्त सूबेदार आनंद कुमार को देश के लिए दिये गए सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक तिरंगा व शहीद की टोपी सौंपी।

शहीद के अंतिम संस्कार में सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा, सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, विधायक शकुंतला खटक, उपमंडलाधीश आशीष कुमार, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल, रेनू डाबला, कर्नल राजेंद्र सुहाग, चेयरमैन हरीश कौशिक, प्रवीण कौशिक, अजय खुंडिया, सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण विभाग के डब्ल्यू ओ नरेश कुमार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति और ग्रामीण उपस्थित रहे।

RELATED NEWS
spot_img

Most Popular