Friday, August 28, 2026
Homeहरियाणारोहतकखेतों में उतरे रोहतक के DC, डिजिटल क्रॉप सर्वे की जमीनी हकीकत...

खेतों में उतरे रोहतक के DC, डिजिटल क्रॉप सर्वे की जमीनी हकीकत परखी, पटवारियों से जानीं दिक्कतें

रोहतक :  उपायुक्त सतबीर सिंह ने डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति एवं जमीनी स्थिति का जायजा लेने के लिए रोहतक के एसडीएम आशीष कुमार के साथ जिला के विभिन्न गांवों का दौरा किया। उपायुक्त ने बालंद, शिमली, डोभ, भाली व मायना सहित करीब आधा दर्जन गांवों में पहुंचकर मौके पर डिजिटल क्रॉप सर्वे के कार्य का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सर्वे की प्रगति की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त सतबीर सिंह ने खेतों में पहुंचकर डिजिटल क्रॉप सर्वे की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पटवारियों से सर्वे कार्य के दौरान आ रही तकनीकी एवं व्यावहारिक समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली तथा मौके पर ही समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से फसलों से संबंधित आंकड़ों को अधिक सटीक, पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से दर्ज किया जा सकेगा। इसलिए सर्वे कार्य को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ पूरा किया जाना आवश्यक है।

उपायुक्त सतबीर सिंह ने पटवारियों को आश्वस्त किया कि डिजिटल क्रॉप सर्वे को सुचारू रूप से पूरा करवाने के लिए जिला प्रशासन हर संभव सहयोग प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि पटवारियों की एक-एक समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा, ताकि उन्हें सर्वे कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सर्वे कार्य में किसी भी स्तर पर तकनीकी अथवा अन्य व्यावहारिक समस्या सामने आती है तो उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा सर्वे की गुणवत्ता एवं शुद्धता पर विशेष ध्यान दें।

सतबीर सिंह ने कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे के तहत दर्ज किए जाने वाले आंकड़े कृषि क्षेत्र से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं नीतियों के लिए महत्वपूर्ण आधार बनेंगे। इसलिए प्रत्येक खेत एवं फसल का सही विवरण दर्ज करना बेहद जरूरी है। उन्होंने पटवारियों से आह्वान किया कि वे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मौके पर जाकर सर्वे कार्य को पूरी पारदर्शिता एवं निष्ठा के साथ पूरा करें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य सर्वे कार्य को बेहतर ढंग से पूरा करवाने के साथ-साथ सर्वे में लगे कर्मचारियों को आवश्यक सुविधाएं एवं सहयोग उपलब्ध करवाना है। इस दिशा में किसी भी प्रकार की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उसका समाधान किया जाएगा। इस अवसर पर रोहतक के एसडीएम आशीष कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

RELATED NEWS
spot_img

Most Popular