Friday, August 28, 2026
Homeहरियाणारोहतकजुनून से शुरू हुआ सफर, सफलता की मिसाल बनीं रोहतक की बेटी...

जुनून से शुरू हुआ सफर, सफलता की मिसाल बनीं रोहतक की बेटी गीतिका

रोहतक : हरियाणा की प्रतिभाशाली अभिनेत्री गीतिका विद्या ओहल्यान, जिनका जन्म रोहतक में हुआ और जिनकी स्कूली शिक्षा सोनीपत से हुई, आज (28 अगस्त) अपना जन्मदिन मना रही हैं।

थिएटर से शुरू हुआ उनका सफर आज बॉलीवुड और ओटीटी की दुनिया में एक मजबूत पहचान बन चुका है। हाल ही में रिलीज़ हुई फिल्म ‘सतलुज’ में उनके दमदार अभिनय ने दर्शकों और समीक्षकों दोनों का दिल जीत लिया। इस फिल्म में उन्होंने परमजीत कौर खालड़ा का किरदार निभाकर अपनी अभिनय क्षमता की एक और मिसाल पेश की।

गीतिका की कहानी संघर्ष, मेहनत और हौसले की कहानी है। बचपन में पिता का साया उठ जाने के बाद उनकी मां ने परिवार को संभाला और उन्हें अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया। स्कूली शिक्षा सोनीपत से पूरी करने के बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के किरोड़ीमल कॉलेज में थिएटर के माध्यम से अभिनय की बारीकियां सीखीं और यहीं से उनके करियर को नई दिशा मिली।

साल 2018 में फिल्म ‘Soni’ से उन्हें बड़ी पहचान मिली और अपने शानदार अभिनय के लिए उन्हें क्रिटिक्स चॉइस फिल्म अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। इसके बाद उन्होंने थप्पड़, दिल्ली डार्क, 12 बाय 12 और कई वेब सीरीज में प्रभावशाली भूमिकाएं निभाकर अपनी अलग पहचान बनाई।

आज गीतिका विद्या ओहल्यान सिर्फ रोहतक और सोनीपत ही नहीं, बल्कि पूरे हरियाणा के युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं। उनकी सफलता यह साबित करती है कि मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर छोटे शहरों से निकलकर भी बड़े सपने पूरे किए जा सकते हैं।

गरिमा टाइम्स की ओर से गीतिका विद्या ओहल्यान को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। हम उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता की कामना करते हैं।

RELATED NEWS
spot_img

Most Popular