रोहतक नगर निगम आयुक्त डॉ आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को अखिल भारतीय गौशाला पहरावर के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर अखिल भारतीय गौशाला पहरावर के साथ नगर निगम क्षेत्र से बेसहारा पशुओ को पकड़वाकर छोड़ने के लिए इकरारनामा किया गया ताकि रोहतक शहर को जल्द से जल्द आवारा पशु मुक्त घोषित किया जा सके।
नगर निगम की स्वयं की गौशाला में वर्तमान में पशुओं को रखने की क्षमता नहीं है तथा आवारा पशुओं को पकड़ा जाना अति आवश्यक है क्योकि आवारा पशुओं से दुर्घटना होने की संभावना रहती हैं व आमजन को भी असुविधा होती हैं। अब नगर निगम द्वारा विशेष अभियान चलाकर रोहतक शहर से बेसहारा पशुओं को पकड़वाया जाएगा तथा जल्द से जल्द रोहतक शहर को आवारा पशु मुक्त शहर बनाया जाएगा। पशुओं को गौशाला में छोड़ते समय उनकी टैगिंग भी करवाई जाएगी तथा उनका पूर्ण रिकार्ड रखा जाएगा।
निगम द्वारा छोड़े गए पशुओ की देख-रेख एवं चारा इत्यादि के प्रबंध के लिए नगर निगम, रोहतक के सदन की बैठक में लिए गये निर्णय अनुसार अखिल भारतीय गौशाला पहरावर को नगर निगम द्वारा मु0 35 रुपए प्रति पशु प्रतिदिन के हिसाब से अदायगी की जाएगी।
बैठक के दौरान नगर निगम की और से संयुक्त आयुक्त नमिता कुमारी, सहायक अभियंता सत्य व्रत, वार्ड नं0 20 सदस्य प्रवीन कौशिक, अखिल भारतीय गौशाला पहरावर की और से नरेश शर्मा, प्रहलाद, नीरज कौशिक उपस्थित रहे।