रोहतक : सिविल सर्जन डॉ. रमेश चंद्र ने बताया कि स्थानीय नागरिक अस्पताल में मरम्मत के दृष्टिगत मनोरोग, दांत एवं नाक-कान-गला की ओपीडी को एक सप्ताह के लिए अस्थाई रूप से स्थानीय सेक्टर 3 स्थित पॉलीक्लिनिक में स्थानांतरित किया गया है। इन रोगों की जांच व दवाइयां आगामी एक सप्ताह के लिए पॉलीक्लिनिक में उपलब्ध होगी। इन रोगों से संबंधित नागरिक अब पॉलीक्लिनिक में पहुंचकर इलाज करवाएं। एक सप्ताह के उपरांत मरम्मत कार्य पूर्ण होने के बाद दोबारा इन रोगों की ओपीडी को नागरिक अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया जाएगा।
नागरिक अस्पताल रोहतक में नवीनीकरण कार्य जारी : मनोरोग, दांत व ईएनटी की ओपीडी सेक्टर-3 स्थित पॉलीक्लिनिक में स्थानांतरित
वहीं उपायुक्त सचिन गुप्ता ने स्थानीय नागरिक अस्पताल के सौंदर्यीकरण व नवीनीकरण का कार्य तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उपायुक्त ने बुधवार को नागरिक अस्पताल में चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि सौंदर्यीकरण व नवीनीकरण के कार्य के दौरान अस्पताल में आने वाले मरीजों को किसी भी तरह की कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए।
सचिन गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार स्थानीय नागरिक अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए जिला अस्पतालों का सौंदर्यीकरण और नवीनीकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के स्पष्ट निर्देश है कि नागरिक अस्पतालों में भी मरीज को निजी अस्पतालों जैसी आधुनिक सुविधाएँ दी जाए। इस प्रक्रिया में नागरिक अस्पताल रोहतक की इमारत का नवीनीकरण, मरम्मत और आधुनिक सुविधाओं का अपग्रेडेशन किया जा रहा है।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि सरकार द्वारा उपलब्ध करवाए गए बजट के अनुसार विशेष मरम्मत पर 4 करोड़ 57 लाख रुपए, आईसीयू की मरम्मत के लिए 55 लाख रुपए व फायर फाइटिंग के लिए 2 करोड़ 15 लाख रुपए, फॉल्टी वीसीबी को बदलने के लिए 20 लाख 48 हजार रुपए से अधिक की राशि खर्च की जाएगी। अस्पताल का अपग्रेडेशन होने के उपरांत यहां आने वाले मरीजों को और अधिक बेहतर चिकित्सा सेवाएं मिलेगी। इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, सिविल सर्जन डॉ. रमेश चंद्र आर्य सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद थे।
- Advertisment -
- Advertisment -