पंचकूला : योगा फेडरेशन ऑफ इंडिया के मार्गदर्शन तथा हरियाणा स्टेट योगा एसोसिएशन के तत्वावधान में दास एंड ब्राउन एक्सपीरिएंशियल लर्निंग स्कूल, सेक्टर-6, पंचकूला में आयोजित नेशनल योग रेफरी प्रशिक्षण कोर्स में हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ सहित विभिन्न राज्यों से आए लगभग 100 से अधिक नेशनल योग रेफरी प्रशिक्षण ले रहे हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ डीसीएम ग्रुप ऑफ स्कूल्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनिरुद्ध गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
मीडिया कोऑर्डिनेटर डॉ. जनक राज ने बताया कि मुख्य अतिथि अनिरुद्ध गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि आज के समय में युवाओं को मोबाइल और डिजिटल जीवनशैली से बाहर निकालकर योग और खेलों की ओर प्रेरित करना अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि नवीन शर्मा, डिप्टी लेबर कमिश्नर हरियाणा ने कहा कि योग भारत की पहचान है और योगासन खेल को बढ़ावा देना समय की मांग है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए योगा फेडरेशन ऑफ इंडिया के चेयरमैन अशोक कुमार अग्रवाल ने कहा कि योग खेल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने के लिए प्रशिक्षित रेफरियों और कोचों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर योगा फेडरेशन ऑफ इंडिया की अध्यक्ष इंदु अग्रवाल ने कहा कि योगा खेल के विकास के लिए प्रशिक्षित एवं योग्य निर्णायकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।
प्रशिक्षण सत्रों के दौरान नेशनल योगा रेफरी ट्रेनर विशाल गोयल द्वारा विभिन्न आयु वर्ग के योगासन सिलेबस एवं निर्णयन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त हरियाणा स्टेट योगा एसोसिएशन के सचिव अरिंदम मित्रा ने विभिन्न आयु वर्गों के योगासन सिलेबस और मूल्यांकन प्रणाली पर विस्तार से प्रकाश डाला।
रोहतक से चार राष्ट्रीय योग रेफरी ले रहे हैं प्रशिक्षण
इस प्रशिक्षण शिविर में रोहतक से भी चार नेशनल योग रेफरी भाग ले रहे हैं, जिनमें डॉ. जनक राज, राजकुमारी, नवीन कुमार और नसीब सिंह शामिल हैं। आयोजकों ने बताया कि इस प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य देशभर में योग खेल के लिए कुशल और प्रशिक्षित निर्णायक तैयार करना है।

