Monday, February 2, 2026
Homeहरियाणासरपंची की पेंशन मिलने की सूचना मिलने पर खुशी में खूब हंसे...

सरपंची की पेंशन मिलने की सूचना मिलने पर खुशी में खूब हंसे रामचंद्र

कुरुक्षेत्र : गांव झिमरेहड़ी-1 निवासी एवं पूर्व सरपंच रामचंद्र खुशी में उस समय अपनी हंसी को नहीं रोक पाए जब उन्हें पता चला कि वो हर माह पूर्व में की सरपंची की पेंशन अपने खाते में पा रहे हैं। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा का रामचंद्र ने बार-बार शुक्रिया अदा किया और हंसते हुए अपनी खुशी को जताया। ये मौका था सोमवार को लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित समाधान शिविर का।

सोमवार को झिमरेहड़ी-1 निवासी पूर्व सरपंच रामचंद्र गांव की फरियाद लेकर समाधान शिविर में पहुंचे थे। उन्होंने गांव की समस्या के बारे में उपायुक्त को अवगत करवाया और खुद का पूर्व सरपंच होने का परिचय दिया। इस दौरान समस्या सुनते हुए उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने रामचंद्र से पूछा कि आपको सरपंची की पेंशन मिल रही है या नहीं ले रहे। जवाब में रामचंद्र ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया तो उपायुक्त ने पंचायत विभाग से मौके पर ही रामचंद्र का डाटा चैक करवाया। पंचायत विभाग के कर्मचारियों ने पूर्व सरपंच रामचंद्र के खाते में पेंशन पाने का पूरा डाटा प्रस्तुत किया।

उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने पूर्व सरपंच रामचंद्र को बधाई देते हुए कहा कि आपको तो पूर्व सरपंच होने की पेंशन खाते में मिल रही है। रामंचद्र को इस बारे में यकीन नहीं हुआ तो उपायुक्त ने उन्हें उनका खाता नंबर व अन्य डाटा की विस्तृत जानकारी दी तो रामचंद्र बहुत खुश हुआ और खुशी की हंसी को रोक नहीं पाए। इसके बाद उन्होंने उपायुक्त का बार-बार शुक्रिया अदा किया।

उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पूर्व सरपंचों के लिए पेंशन योजना शुरू की हुई है, जिसमें 1994 के बाद के पात्र पूर्व सरपंचों को अब 1000 प्रति माह की पेंशन मिल रही है। यह लाभ 2.5 वर्ष से अधिक कार्यकाल पूरा करने वाले सरपंचों को मिलता है, जो वृद्धावस्था पेंशन या अन्य कोई दूसरी पेंशन नहीं ले रहे हैं। इसके 1994 के बाद निर्वाचित और कम से कम 2.5 साल का कार्यकाल पूरा करने वाले सरपंच पात्र हैं। यह योजना उन लोगों के लिए है जो अन्य पेंशन नहीं ले रहे हैं। इसके लिए कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।

गांव झिमरेहड़ी के पूर्व सरपंच रामचंद्र ने कहा कि प्रदेश में सरकार द्वारा हर वर्ग के लिए लाभकारी योजनाएं लागू की हुई हैं। जिनका संबंधित वर्गों को लाभ भी हो रहा है। सरपंचों के लिए वर्तमान में मानदेय लागू किया हुआ है और पूर्व होने पर पेंशन का प्रावधान करना काफी सराहनीय है। इसके लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार है। उन्होंने कहा कि गांव झिमरेहड़ी-1 में वर्ष 1994 से 2006 तक सरपंच के पद पर रहते हुए गांव की सेवा की है।

RELATED NEWS

Most Popular