Saturday, October 5, 2024
Homeदेशहरियाणा में राजनाथ सिंह की हुंकार : कहा- कांग्रेस ने हमेशा झूठ...

हरियाणा में राजनाथ सिंह की हुंकार : कहा- कांग्रेस ने हमेशा झूठ की राजनीति की, उनके मंसूबे खतरनाक

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को करनाल लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार एवं पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के समर्थन में घरौंडा में विजय संकल्प रैली को संबोधित किया। इस मौके पर राजनाथ ने कांग्रेस समेत पूरे विपक्ष को आड़े हाथ लिया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा झूठ की राजनीति की है। अब तो उनके मंसूबे और खतरनाक हो गए हैं। कांग्रेस के नेता राहुल गांधी कहते हैं अगर किसी के घर के मुखिया की मृत्यु हो जाती है तो उसकी आधी संपत्ति ले ली जाएगी, क्या देश का कोई नागरिक ऐसे कानून को स्वीकार करेगा। राजनाथ सिंह ने कहा कि मैं कांग्रेस नेताओं से पूछना चाहता हूं कि क्या उनके शासनकाल में हर रोज घोटाले नहीं हो रहे थे। भ्रष्टाचार के मामले में अदालत के आदेश पर उनके मंत्री को जेल की हवा खानी पड़ी थी। सैम पित्रोदा अनाप शनाप बयान देते थे, इसी कारण कांग्रेस ने उन्हें हटाया।

इससे पहले रैली में पहुंचने पर करनाल से भाजपा प्रत्याशी मनोहर लाल और अन्य नेताओं ने पगड़ी पहनाकर रक्षामंत्री राजनाथ का भव्य स्वागत किया। राजनाथ ने कहा कि आज नए भारत का निर्माण हो रहा है, आप खुशकिस्मत हैं कि आपके यहां मनोहर लाल प्रत्याशी हैं। देश का मस्तक ऊंचा होना चाहिए। लक्ष्मी जी कमल के फूल पर घर आती हैं,इसलिए कमल का बटन दबाना है और मेरी अंतिम बात सुन लीजिए कि आप मनोहर लाल को केवल सांसद नहीं चुन रहे हैं ‘कुछ और’ ही चुन रहे हैं।

कांग्रेस ने झूठ की राजनीति की

राजनाथ ने कहा कि 50 साल से ज्यादा तक जनता ने कांग्रेस को सत्ता सौंपे रखी। पंडित जवाहरलाल नेहरू कहते थे कि भारत आजाद हो गया है,अब गरीबी खत्म करेंगे, इंदिरा गांधी भी कहती थी कि गरीबी खत्म करेंगे, मनमोहन सिंह भी कहते थे कि गरीबी खत्म करेंगे,लेकिन उनसे कुछ नहीं हो पाया। उन्होंने हमेशा वोट बैंक के लिए झूठ की राजनीति की है। लेकिन आजाद भारत में पहली बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला। देश से गरीबी को पूरी तरह समाप्त करने में 10-15 साल को और समय लगेगा। देश में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनने पर देश में गरीबी पूरी तरह खत्म करके दिखाएंगे।

केजरीवाल ने भी जनता को धोखा दिया

राजनाथ सिंह ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने भी जनता को धोखा दिया। वह झूठा प्रचार कर रहे हैं कि सरकार ने जेल में भिजवाया, लेकिन ऐसा नहीं है, शराब घोटाले के मामले में संजय सिंह भी जेल में गए। जांच एजेंसियां अपना काम कर रही है। कानून अपना काम करेगा। जिसने भी गलत काम किया है वह जेल में होगा। हमारी सरकार गरीबों की सरकार, महिलाओं की सरकार है। आपकी सरकार है। हम भ्रष्टरचार को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेंगे। गलत काम करने वालों को सजा भुगतनी ही होगी। विपक्ष झूठे आरोप लगाकर कर जनता को गुमराह कर रहे हैं। दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि क्या आप चाहते हैं हमारी सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई न करे। राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस कभी भी भ्रष्टाचार को रोक नहीं पाई। लेकिन 56 इंच के सीने वाले नरेन्द्र मोदी ने भ्रष्टाचार खत्म कर दिया।

रक्षामंत्री ने मनोहर लाल राजनीति का संत बताया

मनोहर लाल के बारे में बोलते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि वो मनोहर लाल को 40-45 वर्ष से ज्यादा समय से जानते हैं। उन पर कभी चरित्र या भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा। वे राजनीति में संत की तरह हैं। आप उन्हें भारी मतों से जिताकर दिल्ली भेजें वे वहां भी आपके विकास के लिए काम करेंगे। देश आगे बढ़ रहा है, पहले जब मैं विदेश जाता था,अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर बोलता था तो लोग चाय पीने चले जाते थे, लेकिन आज यह खुश होने की बात है कि आज जब भारत बोलता है तो सारी दुनिया कान खोलकर सुनती है।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -

Most Popular