Wednesday, March 26, 2025
Homeराजस्थानRajasthan News: राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संसद का विधान सभा में...

Rajasthan News: राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संसद का विधान सभा में होगा आयोजन

Rajasthan News: राजस्थान विधान सभा में बुधवार, 26 मार्च को राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संसद आयोजित होगी। देश के विकास में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा देशभर में विकसित भारत युवा संसद का आयोजन किया जा रहा है।

विधान सभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी बुधवार को प्रातः 9:30 बजे सदन में दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ करेगें। केन्द्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय के तत्वाधान में राष्ट्र मण्डल संसदीय संघ की राजस्थान शाखा द्वारा आयोजित इस युवा संसद में नेता प्रतिपक्ष श्री टीकाराम जूली और राष्ट्र मंडल संसदीय संघ के सचिव श्री संदीप शर्मा भी मौजूद रहेगें।

देवनानी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने की दिशा में राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संसद का आयोजन राजस्थान विधान सभा के सदन में किया जा रहा है। केन्द्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित इस एक दिवसीय कार्यक्रम से जिला स्तर पर चयनित प्रदेश के युवाओं को अपने विचार रखने का मंच मिल सकेगा।

उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से युवा नेतृत्व, जनभागीदारी और नीतिगत विषयों पर चर्चा कर अपनी प्रतिभा को राज्यस्तर पर बता सकेगे। इसके तहत युवा विधान सभा की संसदीय प्रक्रियाओं को भी समझ सकेंगे।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत युवा संसद युवाओं को विकसित भारत के मार्ग को प्रशस्त करने में एक सुनहरा अवसर प्रदान कर रहा है। देवनानी ने बताया कि केन्द्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में राजस्थान के सभी जिलों से चयनित 18 से 25 वर्ष के 140 युवा भाग लेंगे।

विधान सभा में चर्चा हेतु युवाओं का चयन एक चयन प्रतियोगिता के माध्यम से किया गया है। उन्होंने बताया कि 140 युवाओं में से तीन युवाओं का चयन होगा जो राष्ट्रीय युवा संसद में भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि प्रातः 9.30 बजे से सायं 7.00 बजे तक राजस्थान विधान सभा के सदन में इस युवा संसद की कार्यवाही का संचालन होगा। इस युवा संसद का राजस्थान विधान सभा द्वारा यू-ट्यूब पर सजीव प्रसारण किया जायेगा।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -

Most Popular