Tuesday, July 28, 2026
Homeहरियाणारोहतकट्रैक दौड़ पड़ा, सड़क अटक गई, 14 कॉलोनियों की राह अधूरी

ट्रैक दौड़ पड़ा, सड़क अटक गई, 14 कॉलोनियों की राह अधूरी

  • शहर के लिए लाइफलाइन बननी थी सड़क, निर्माण रुकने से उम्मीदें थमीं

कविता.रोहतक

रोहतक-पानीपत रेलवे लाइन पर 3.8 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रेलवे ट्रैक से शहर को नई पहचान तो मिली, लेकिन इसके साथ बनाई जाने वाली समानांतर सड़क अधूरी रह जाने से लोगों की उम्मीदों पर ब्रेक लग गया है। चिन्योट कॉलोनी से सेक्टर-6 तक प्रस्तावित सड़क का बड़ा हिस्सा अभी भी निर्माण की प्रतीक्षा कर रहा है। सबसे अधिक परेशानी बजरंग भवन रेलवे फाटक से सेक्टर-5 तक के हिस्से में है, जहां काम कई महीनों से रुका हुआ है।

यह सड़क पूरी होने पर शहर के बीच से गुजरने वाले वाहनों को बड़ी राहत मिलेगी। वाहन चालक बिना भीड़भाड़ वाले बाजारों और मुख्य चौराहों में फंसे सीधे शहर के बाहरी हिस्से तक पहुंच सकेंगे। इससे ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा, लेकिन अधूरे निर्माण ने फिलहाल इस योजना का फायदा लोगों तक नहीं पहुंचने दिया है।

शहर की करीब 14 कॉलोनियों के लोग रोजाना जाम, लंबा चक्कर और समय की बर्बादी झेल रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि एलिवेटेड ट्रैक का काम पूरा होने के बाद उम्मीद थी कि सड़क भी जल्द तैयार होगी, लेकिन अब निर्माण रुकने से परेशानी पहले जैसी ही बनी हुई है। लोगों ने प्रशासन और सरकार से जल्द निर्माण दोबारा शुरू कर सड़क को पूरा कराने की मांग उठाई है।

लोग बोले…

जाम लग जाता है

सड़क पूरी हो जाए तो शहर के अंदर आने-जाने में काफी समय बचेगा। अभी हर बार जाम में फंसना पड़ता है।
राजेश (निवासी, चिन्योट कॉलोनी)

धूल उड़ रही: निर्माण रुका होने से धूल और टूटी सड़क की परेशानी अलग है। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कत होती है।-सुनीता अरोड़ा (निवासी, सेक्टर-5)

फायदेमंद होगी सड़क: यह सड़क व्यापार के लिए भी फायदेमंद होगी। ग्राहकों की आवाजाही आसान होगी, लेकिन अधूरा काम नुकसान पहुंचा रहा है। –अमित दलाल (व्यापारी, बजरंग भवन क्षेत्र)

सड़क पूरी बने : एलिवेटेड ट्रैक का फायदा तभी मिलेगा जब साथ वाली सड़क भी पूरी बने। सरकार को इस काम में तेजी लानी चाहिए। -सुरेश कुमार (निवासी, सेक्टर-6)

जाम से मिलेगी बड़ी राहत

समानांतर सड़क तैयार होने के बाद वाहन चालकों को शहर के भीतरी हिस्सों से होकर नहीं गुजरना पड़ेगा। दिल्ली बाईपास और पानीपत रोड की ओर जाने वाले वाहन सीधे इस मार्ग का उपयोग कर सकेंगे। इससे मुख्य बाजारों और प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक का दबाव कम होने की उम्मीद है।

14 कॉलोनियों को होगा सीधा फायदा

चिन्योट कॉलोनी, सेक्टर-5, सेक्टर-6 सहित आसपास की करीब 14 कॉलोनियों के हजारों लोग इस सड़क के पूरा होने का इंतजार कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क बनने से आवागमन आसान होगा, ईंधन और समय दोनों की बचत होगी तथा आपात स्थिति में अस्पताल और अन्य जरूरी स्थानों तक पहुंचना भी तेज होगा।

निर्माण कब होगा शुरू, इसी सवाल का इंतजार

लोगों का कहना है कि एलिवेटेड ट्रैक का निर्माण पूरा होने के बाद सड़क का काम भी तेजी से होना चाहिए था, लेकिन बीच में काम रुकने से परियोजना अधूरी पड़ी है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द निर्माण शुरू नहीं हुआ तो बरसात के बाद यह हिस्सा और अधिक खराब हो सकता है, जिससे परेशानी और बढ़ेगी।

RELATED NEWS
spot_img

Most Popular