Punjab News: पंजाब में गर्मी ने अपने पैर पसारने शुरू कर दिए हैं। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार आज बुधवार और गुरुवार को राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने आज के लिए पंजाब में येलो अलर्ट जारी किया है। कल राज्य में अधिकतम तापमान में 1.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जो सामान्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस अधिक था। बठिंडा में सबसे अधिक तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौजूदा मौसम के औसत से काफी अधिक है।
तापमान में और वृद्धि, गुरुवार से मिल सकती है राहत
मौसम विभाग के अनुसार आज तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है। हालांकि, गुरुवार से तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट आ सकती है। यह बदलाव पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश में मौसम परिवर्तन के कारण हुआ है, जिसका असर पंजाब पर भी पड़ेगा। हिमाचल प्रदेश में भी बारिश की संभावना है, जिससे पंजाब में तापमान थोड़ा ठंडा हो सकता है।
पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर और होशियारपुर के लिए येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के नजदीकी इलाकों जैसे पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर और होशियारपुर में बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। लेकिन गुरुवार के बाद शुक्रवार से मौसम फिर से शुष्क होने की उम्मीद है।
किसानों को सावधान रहने की सलाह
मौसम विभाग ने किसानों और खुले क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों को विशेष रूप से सतर्क रहने की सलाह दी है। तेज़ हवाओं और आने वाले तूफ़ानों के कारण, पकी हुई फ़सलों को नुकसान पहुँच सकता है। बारिश के दौरान बिजली गिरने की संभावना को ध्यान में रखते हुए, खुले क्षेत्रों में काम करने से बचने की सलाह दी जाती है।
Punjab News: लड़कियों को राजनीति में आना चाहिए- सीएम मान
शहरों का तापमान
अमृतसर में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। तापमान 17 से 34 डिग्री के बीच रह सकता है। जालंधर में बादल छाए रहेंगे, तापमान 16 से 34 डिग्री तक रह सकता है। लुधियाना में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है। तापमान 17 से 34 डिग्री तक हो सकता है। पटियाला में बादल छाए रहेंगे, तापमान 18 से 35 डिग्री तक रह सकता है। मोहाली में तापमान 19 से 35 डिग्री के बीच रह सकता है, आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग ने लोगों से आगामी मौसम परिवर्तन के लिए तैयार रहने का आग्रह किया है।