Punjab news: आम आदमी पार्टी (AAP) पंजाब के राज्य मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने NEET पेपर लीक को लेकर देश भर में चल रहे छात्र आंदोलन पर कांग्रेस और बीजेपी की राजनीति को शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा कि आज लाखों छात्र अपने भविष्य और न्याय के लिए लड़ रहे हैं। उनका संघर्ष इस स्तर पर पहुंच गया है कि इसने कांग्रेस को भी हिलाकर रख दिया है, जो कभी केंद्र में सत्ता में थी। लेकिन दुख की बात यह है कि छात्रों की आवाज़ उठाने के बजाय, पंजाब कांग्रेस और बीजेपी मिलकर आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार पर झूठे और बेबुनियाद आरोप लगाने में लगे हैं।
पन्नू ने कहा कि कांग्रेस और बीजेपी जानबूझकर तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश कर रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के साढ़े पांच साल के कार्यकाल के दौरान पंजाब में भर्ती परीक्षा का एक भी पेपर लीक नहीं हुआ। फरीदकोट में जो मामला सामने आया, वह पेपर लीक का नहीं, बल्कि गैजेट्स के जरिए नकल करने का मामला था। संबंधित उम्मीदवार को परीक्षा केंद्र पर ही रंगे हाथों पकड़ा गया और पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए। इसके बावजूद, कांग्रेस इस घटना को पेपर लीक बताकर जानबूझकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।
बलतेज पन्नू ने कहा कि कांग्रेस को पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। अपने शासनकाल में हुए पेपर लीक मामलों का जवाब देने के बजाय, वह अब झूठे बयानों से लोगों का ध्यान भटकाना चाहती है। दूसरी ओर, केंद्र में बीजेपी सरकार के कार्यकाल के दौरान 90 से अधिक पेपर लीक हुए, जिससे करोड़ों युवाओं का भविष्य दांव पर लग गया। इन घटनाओं से निराश होकर 20 से अधिक छात्रों ने आत्महत्या तक कर ली, लेकिन बीजेपी सरकार ने न तो समय रहते दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की और न ही युवाओं का भरोसा जीतने की कोशिश की।
Punjab News: AAP विधायक कुलदीप धालीवाल ने माधोपुर हेडवर्क्स का दौरा किया
पन्नू ने कहा कि आज देश का युवा न्याय की मांग कर रहा है, लेकिन उनकी बात सुनने के बजाय BJP सरकार विपक्ष पर आरोप लगाकर अपनी नाकामी छिपाने में लगी है। कांग्रेस भी BJP की इस नाकामी पर सवाल उठाने के बजाय, उनकी हां में हां मिलाकर पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार को बदनाम करने की नाकाम कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता और देश का युवा पूरी सच्चाई जानते हैं। BJP और कांग्रेस झूठे आरोपों और राजनीतिक हथकंडों से अपनी नाकामियों को छिपा नहीं सकते। आम आदमी पार्टी युवाओं के साथ मजबूती से खड़ी है और हर मंच पर उनकी आवाज़ उठाती रहेगी।

