Tuesday, April 1, 2025
HomeपंजाबPunjab News: खटकड़कलां में शहीद भगत सिंह को समर्पित हेरिटेज स्ट्रीट बनाई...

Punjab News: खटकड़कलां में शहीद भगत सिंह को समर्पित हेरिटेज स्ट्रीट बनाई जाएगी

Punjab News: केंद्र सरकार ने शहीद-ए-आजम भगत सिंह के ऐतिहासिक गांव खटकड़कलां में हेरिटेज स्ट्रीट बनाने के लिए 53 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दे दी है। इस महत्वपूर्ण घोषणा पर पंजाब भाजपा उपाध्यक्ष डॉ. सुभाष शर्मा ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत का हार्दिक आभार व्यक्त किया।

डॉ. सुभाष शर्मा लंबे समय से इस परियोजना पर काम कर रहे थे और इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत से कई बार मुलाकात की थी। लोकसभा चुनाव के दौरान केंद्रीय मंत्री शेखावत ने खटकड़ कलां के विकास के लिए इस परियोजना को स्वीकृत करने का वादा किया था, जिसे अब मोदी सरकार ने पूरा कर दिया है।

डॉ. सुभाष शर्मा ने कहा कि यह हेरिटेज स्ट्रीट न केवल शहीद भगत सिंह की स्मृति को संजोए रखेगी, बल्कि युवाओं और भावी पीढ़ियों को उनकी शहादत और स्वतंत्रता संग्राम में उनकी भूमिका से प्रेरित भी करेगी।

इस परियोजना के अंतर्गत भगत सिंह के जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण ऐतिहासिक क्षणों को दर्शाने के लिए विशेष भित्ति चित्र, संग्रहालय, डिजिटल डिस्प्ले और इंटरैक्टिव गैलरी बनाई जाएंगी।

Punjab News: लड़कियों को राजनीति में आना चाहिए- सीएम मान

उन्होंने कहा कि इस हेरिटेज स्ट्रीट को पर्यटन की दृष्टि से भी विकसित किया जाएगा, जिससे न केवल क्षेत्र के लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे, बल्कि देश-विदेश के पर्यटकों को भारत के स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास के बारे में जानने का अवसर भी मिलेगा।

खटकड़कलां पहले से ही शहीद भगत सिंह की जन्मस्थली के रूप में प्रसिद्ध है और यह परियोजना इसे एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में स्थापित करने में मदद करेगी।

यह पहल देशभक्ति और स्वतंत्रता संग्राम के बारे में जागरूकता बढ़ाने का एक प्रभावी साधन होगी। सरकार के इस कदम से युवाओं में देशभक्ति की भावना और मजबूत होगी तथा वे शहीद भगत सिंह के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित होंगे।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -

Most Popular