Monday, May 18, 2026
Homeहरियाणाबाहरी प्रदेश के युवाओं को सरकारी नौकरी देने का विरोध : एचपीएससी...

बाहरी प्रदेश के युवाओं को सरकारी नौकरी देने का विरोध : एचपीएससी कार्यालय के सामने इनेलो ने किया जोरदार प्रदर्शन

इंडियन नेशनल लोकदल ने सोमवार को सरकारी नौकरियों की भर्ती प्रक्रिया में कथित धांधली और हरियाणा प्रदेश से बाहर के लोगों की भर्ती की जाने और हरियाणा के योग्य युवाओं की घोर अनदेखी किए जाने का आरोप लगाकर पंचकूला स्थित हरियाणा लोक सेवा आयोग के कार्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन किया और पंचकूला की एडीसी को राज्यपाल के नाम पर ज्ञापन सौंपा।

इस दौरान इनेलो के राष्ट्रीय संरक्षक प्रो. संपत सिंह, प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव प्रकाश भारती, राष्ट्रीय संगठन सचिव उमेद लोहान, विधायक अदित्य देवीलाल, युवा राष्ट्रीय प्रभारी करण चौटाला, विधायक अर्जुन चौटाला और प्रदेश प्रधान महासचिव गौरव संपत सिंह, प्रदेश प्रवक्ता डा. सतबीर सैनी, युवा प्रदेश अध्यक्ष अरविंद गोस्वामी, आईएसओ के प्रदेश अध्यक्ष साहिल दीप कस्वां समेत कई पूर्व विधायक और पदाधिकारी मौजूद रहे।

प्रदर्शन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए चौधरी अभय सिंह चौटाला ने कहा कि बीजेपी सरकार दावा करती है कि बिना पर्ची बिना खर्ची के सरकारी नौकरियों की भर्ती एचपीएससी द्वारा की जा रही हैं जो सरासर झूठ का पुलिंदा है। किस तरह से हरियाणा से बाहर के भाजपा शासित प्रदेशों के लोगों को लाकर के यहां भर्ती किया जा रहा है और हमारे बच्चे जो पीएचडी, नेट पास, एमए, एमफिल, एमटेक हैं उनको चपड़ासी के पद पर लगाया जा रहा है। और जो ए और बी ग्रुप की गजटेड पोस्ट हैं उनपर बाहर के भाजपा शासित प्रदेशों से आरएसएस के लोगों को लगाया जा रहा है। ये जो आरएसएस के लोग हैं इन्हें पहले ट्रेन किया जाता है फिर उन्हें अलग अलग प्रदेशों में भेजकर भर्ती करके आरएसएस को बढ़ावा देने के लिए स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटीज में भर्ती करके जिम्मेवारी लगाई जाती है। हमारे बच्चों के साथ अन्याय हो यह किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसलिए आज हम महामहिम राज्यपाल के माध्यम से बताने आए हैं कि जल्दी राज्यपाल इसके ऊपर संज्ञान लेकर एचपीएससी पर प्रतिबंध लगाए और सरकार को इस बात के लिए अवगत करवाएं कि बीजेपी सरकार जो कर रही है वो हरियाणा के बच्चों के साथ अन्याय है। अगर ऐसा नहीं होता है तो हम जल्द ही पूरे प्रदेश का कार्यक्रम बनाएंगे और युवाओं और उनके माता पिता के पास जाकर पूरे मामले से अवगत करवाएंगे और इस बात के तैयार करेंगे कि इनेलो पार्टी उनके बच्चों के साथ खड़े होकर न्याय दिलाना चाहती है।

RELATED NEWS

Most Popular