Tuesday, February 24, 2026
Homeहरियाणारोहतकरोहतक जिले के प्रत्येक गांव में प्रगतिशील किसान बनेंगे ब्रांड एंबेसडर 

रोहतक जिले के प्रत्येक गांव में प्रगतिशील किसान बनेंगे ब्रांड एंबेसडर 

रोहतक : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा है कि जिला के प्रत्येक गांव में प्रगतिशील किसानों को ब्रांड एंबेसडर बनाया जाएगा, ताकि वे अन्य किसानों को आधुनिक एवं लाभकारी कृषि पद्धतियों के लिए प्रेरित कर सकें। उपायुक्त मंगलवार को लघु सचिवालय के सभागार में कृषि एवं कृषि से जुड़े अन्य विभागों के कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

उपायुक्त ने निर्देश दिए कि ऐसे प्रगतिशील किसानों को शीघ्र चिन्हित किया जाए, जो कृषि के साथ-साथ कृषि आधारित अन्य व्यवसायों में उल्लेखनीय कार्य करते हुए अच्छी आय अर्जित कर रहे हैं। उपायुक्त ने कहा कि इन किसानों को रोल मॉडल के रूप में प्रस्तुत कर अन्य किसानों को भी उनकी राह पर चलने के लिए प्रेरित किया जाएगा, ताकि वे अपनी आय में वृद्धि कर सकें।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि चिन्हित प्रगतिशील किसानों की केस स्टडी तैयार कर उसका विधिवत डॉक्यूमेंटेशन किया जाए। साथ ही इन किसानों के व्याख्यान गांवों में आयोजित करवाए जाएं और उन्हें सार्वजनिक रूप से सम्मानित भी किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने तथा कम लागत में अधिक आमदनी प्राप्त करने के लिए नियमित रूप से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।

उपायुक्त ने कृषि भूमि की मिट्टी को क्षरण से बचाने और उसकी गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूमि की उत्पादक क्षमता बनाए रखने के लिए मृदा संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। किसानों को अपनी भूमि की मिट्टी एवं पानी की जांच करवाकर यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनके खेतों के लिए कौन-सी फसल अधिक लाभकारी सिद्ध होगी।

बैठक में कृषि विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि कलानौर क्षेत्र के लिए लगभग 2 करोड़ रुपये की परियोजना तैयार कर स्वीकृति हेतु मुख्यालय को भेजी गई है। इसी प्रकार गांव माडौधी में 500 एकड़ कृषि भूमि में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए वर्टिकल ड्रेनेज सिस्टम पर कार्य किया जा रहा है।

उपायुक्त ने कृषि विज्ञान केंद्र के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कृषि क्षेत्र में कार्य कर रहे प्रगतिशील किसानों को शोध कार्यों में पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि कृषि क्षेत्र को वैज्ञानिक पद्धति से आगे बढ़ाया जाए। मत्स्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए उपायुक्त ने कहा कि तालाबों के पानी की गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए तथा शेष बचे पंचायती तालाबों की शीघ्र नीलामी करवाई जाए। बैठक में बागवानी विभाग की विभिन्न योजनाओं की भी समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। बैठक में प्रगतिशील किसानों किसान राजकुमार, शुभम, जसवीर, अजय कुमार, जय किशन व राजेश ने भी अपने विचार साझा किए।

बैठक में जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल, जिला मत्स्य अधिकारी आशा हुड्डा अहलावत, उप कृषि निदेशक डॉ. सुरेंद्र सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED NEWS

Most Popular