रोहतक : उपायुक्त धर्मेंद्र सिंह ने कहा है कि 15 अगस्त के अवसर पर स्थानीय राजीव गांधी खेल स्टेडियम में 79 वें राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बतौर मुख्यातिथि राष्ट्रीय ध्वजारोहण करेंगे तथा परेड की सलामी लेंगे।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय परिसर स्थित राज्य स्तरीय युद्घ स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्घांजलि देंगे। जिला प्रशासन द्वारा स्वतंत्रता दिवस के राज्य स्तरीय समारोह के लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है।
उपायुक्त धर्मेंद्र सिंह ने कहा है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में राष्ट्रीय ध्वजारोहण करने के उपरांत खुली जीप में सवार होकर परेड में शामिल टुकड़ियों का निरीक्षण करेंगे। इस वर्ष परेड में 11 टुकडिय़ां शामिल है, जो परेड कमांडर एएसपी फैसल खान के नेतृत्व में भव्य मार्च पास्ट में हिस्सा लेंगी, जिनकी मुख्यमंत्री सलामी लेंगे। हरियाणा पुलिस अकादमी मधुबन का बैंड इस राज्य स्तरीय समारोह की शोभा बढ़ाएगा। मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश वासियों के नाम संदेश दिया जाएगा तथा वे युद्घ वीरांगनाओं व स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को भी सम्मानित करेंगे।
धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि इसके उपरांत समारोह में हरियाणा पुलिस अकादमी मधुबन के 410 रंगरूट सामूहिक शारीरिक अभ्यास में भाग लेंगे तथा पुलिस जवानों द्वारा योगासन का प्रदर्शन किया जाएगा। स्वैट की टीम द्वारा मार्शल आर्ट का भव्य प्रदर्शन होगा। इसके उपरांत देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत तथा ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएगी।
हरियाणा पुलिस अकादमी मधुबन के जवानों द्वारा डॉग शॉ व मोटर साइकिल शॉ में हैरतअंगेज करतब दिखाए जाएंगे। मुख्यमंत्री द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले महानुभावों को सम्मानित किया जाएगा तथा समारोह का समापन राष्ट्रगान से होगा।