महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक (MDU Rohtak) का डाकघर प्रदेश का पहला नेक्स्ट जेन डाकघर बन गया है। विश्वविद्यालय परिसर स्थित साधारण डाकघर को आधुनिक तकनीक से लैस कर नेक्स्ट जेन डाकघर का स्वरूप दिया गया है। कुलपति प्रो. मिलाप पूनियां ने बुधवार को इसका उद्घाटन किया। अब यहां विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और अन्य लोगों को आधुनिक एवं डिजिटल माध्यम से डाक सेवाएं उपलब्ध होंगी।
कुलपति प्रो. मिलाप पूनियां ने भारतीय डाक विभाग की देश के विकास में भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि समय के साथ डाक सेवाओं में तकनीकी बदलाव जरूरी है। एमडीयू में शुरू किया गया नेक्स्ट जेन डाकघर विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में अहम कदम है। इससे विश्वविद्यालय समुदाय को तेज, सुविधाजनक और आधुनिक डाक सेवाएं मिल सकेंगी।
रोहतक पोस्ट ऑफिस के अधीक्षक दिनेश कुमार ने बताया कि हरियाणा डाक परिमंडल, अंबाला की मुख्य डाक महाध्यक्ष मनीषा बंसल बादल के नेतृत्व में प्रदेश के डाकघरों को डिजिटलाइज्ड करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। एमडीयू का नेक्स्ट जेन डाकघर इसी पहल का पहला उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यहां डाक सेवाओं को डिजिटल तकनीक से जोड़कर ग्राहकों को बेहतर और सुविधाजनक सेवाएं दी जाएंगी।
मुख्य डाक महाध्यक्ष मनीषा बंसल बादल ने अपने संदेश में कहा कि डाक विभाग बदलती जरूरतों के अनुरूप अपनी सेवाओं को लगातार आधुनिक बना रहा है। डिजिटल तकनीक के माध्यम से सेवाओं को अधिक तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने पर जोर है। एमडीयू में नेक्स्ट जेन डाकघर की शुरुआत इसी डिजिटल बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।


