- जाम वाले स्थानों पर यातायात सुगम बनाने और प्रदूषणकारी वाहनों पर कार्रवाई के निर्देश
- हॉटस्पॉट के लिए नोडल अधिकारी होंगे नियुक्त, जन-जागरूकता अभियान भी चलेंगे
Rohtak News : उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि मौजूदा सर्दी के मौसम में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने और वायु गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर प्रभावी कदम उठाए गए हैं। खुले में कचरा, सूखे पत्ते और बायोमास जलाने के मामलों में जिला प्रशासन की जीरो टॉलरेंस नीति है। ऐसे मामलों में उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
उपायुक्त आज स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में वायु गुणवत्ता में सुधार और प्रदूषण नियंत्रण के प्रभावी उपायों को लेकर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के जिलों के साथ आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के उपरांत जिला के प्रशासनिक अधिकारियों की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के सदस्य सचिव तरुण कुमार पिथोड़े ने चार राज्यों के एनसीआर जिलों के उपायुक्तों से सर्दियों में वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए किए जा रहे उपायों की समीक्षा की।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि शहर में कचरा जलाने और खुले में कचरा डालने की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से चिन्हित स्थानों की लगातार निगरानी की जा रही है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पर्याप्त स्टाफ की तैनाती की गई है। इसके अलावा सड़कों पर धूल के उड़ने से रोकने के लिए नियमित रूप से पानी का छिड़काव किया जा रहा है तथा एंटी स्मॉग गन और एमआरएसएम मशीनों का लगातार उपयोग किया जा रहा है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए वार्ड स्तर पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। कचरा जलाने, अवैध रूप से कचरा डालने और धूल फैलाने वाले स्रोतों की पहचान कर तत्काल कार्रवाई की जाए। बाजारों, खाली प्लॉटों, लैंडफिल स्थलों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा जनशिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।
उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक वार्ड में क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) के माध्यम से कचरा जलाने की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई की जाए। बाजारों, खाली भूखंडों और कचरा स्थलों पर सुबह और देर शाम गश्त बढ़ाई जाए। सूखी पत्तियों की नियमित सफाई तथा पुराने कचरे का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। सर्दियों में खुले में अलाव जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए संबंधित संस्थाओं के सहयोग से सुरक्षा एवं सफाई कर्मचारियों के लिए इलेक्ट्रिक हीटर तथा रैन बसेरों और सामुदायिक रसोई में आवश्यक हीटिंग व्यवस्था उपलब्ध करवाने पर भी जोर दिया गया।
उपायुक्त ने संबंधित विभागों को सड़कों के गड्ढों, टूटे फुटपाथों और सेंट्रल वर्ज की मरम्मत करवाने, सड़कों की नियमित गहरी सफाई तथा गाद और मलबे का समय पर उठान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। धूल वाले हॉटस्पॉट पर पानी का छिड़काव और एंटी स्मॉग गन का इस्तेमाल किया जाए। निर्माण एवं विध्वंस स्थलों से बाहर निकलने वाले वाहनों के पहियों की धुलाई सुनिश्चित की जाए तथा निर्माण स्थलों के आसपास धूल फैलने से रोकने के लिए निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन करवाया जाए।
उन्होंने कहा कि शहर में यातायात जाम वाले स्थानों को चिन्हित कर वहां यातायात सुगम बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जाए। साथ ही प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों, प्रतिबंधित डीजल ऑटो और बिना अनुमति संचालित पुराने वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक प्रदूषण हॉटस्पॉट के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त कर वार्ड स्तर पर कार्य योजना लागू की जाए। ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप) के लागू चरणों के अनुसार सभी संबंधित विभाग कार्रवाई सुनिश्चित करें और दैनिक कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करें। इसके अतिरिक्त रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए), मार्केट एसोसिएशन और शिक्षण संस्थानों के सहयोग से जन-जागरूकता अभियान चलाए जाएं, ताकि आमजन को वायु प्रदूषण के दुष्प्रभावों और इसे रोकने में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक किया जा सके।
जिला वार्षिक कार्य योजना-2027 के तहत प्रदूषण स्तर में 15 से 20 प्रतिशत कमी लाने का लक्ष्य
वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में आगामी वर्ष के लिए जिला वार्षिक कार्य योजना-2027 पर भी चर्चा की गई। सीएक्यूएम द्वारा पूरे एनसीआर में एयरशेड आधारित दृष्टिकोण अपनाते हुए वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में कमी लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में प्रदूषण के प्रमुख स्रोतों की पहचान कर क्षेत्रवार लक्ष्य और समय-सीमा निर्धारित की जाएगी तथा संबंधित कार्यान्वयन एजेंसियों की जवाबदेही तय होगी। सभी जिलों को अपनी वार्षिक कार्य योजना 05 दिसंबर 2026 तक सीएक्यूएम पोर्टल पर ऑनलाइन जमा करवानी होगी। इसके बाद कार्य योजना के क्रियान्वयन की मासिक आधार पर निगरानी की जाएगी।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वायु प्रदूषण की रोकथाम को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आपसी समन्वय से कार्य करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त वातावरण बनाए रखना प्रशासन के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की भी सामूहिक जिम्मेदारी है।
बैठक में नगर निगम की संयुक्त आयुक्त, प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी दिनेश, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता अरूण, जीएम रोडवेज नवीन कुमार, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

