हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहल करते हुए पहली बार राज्य स्तरीय विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया। बोर्ड परिसर, भिवानी स्थित सर्वपल्ली राधाकृष्णन लैब स्कूल (एसआरएस) में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर के विद्यालयों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से कुल 63 टीमों ने पंजीकरण करवाया, जिनमें से 58 टीमों ने तीन-तीन विद्यार्थियों के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया।
प्रतियोगिता के प्रथम चरण में स्क्रीनिंग टेस्ट आयोजित किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर आठ टीमों का चयन दूसरे चरण के लिए किया गया। दूसरे चरण में इन आठ टीमों के बीच रोचक एवं ज्ञानवर्धक विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में टैगोर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हांसी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
वैश्य गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, चरखी दादरी ने द्वितीय तथा वैश्य सीनियर सेकेंडरी स्कूल, चरखी दादरी ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेता टीमों को प्रथम पुरस्कार के रूप में 11,000 रुपये, मेडल एवं प्रमाण-पत्र, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 5,100 रुपये, मेडल एवं प्रमाण-पत्र तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में 3,100 रुपये, मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. शंकर लाल धूपड़ ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन में बोर्ड द्वारा की गई यह पहल प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में नवाचार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की मूल भावना के अनुरूप इस प्रतियोगिता में रटने की प्रवृत्ति के स्थान पर अनुभव आधारित शिक्षा, आलोचनात्मक चिंतन, रचनात्मकता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को विशेष महत्व दिया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करना, उनकी तार्किक क्षमता को बढ़ावा देना तथा उनकी प्रतिभा और अभिव्यक्ति को एक सशक्त मंच प्रदान करना था।
निर्णायक मंडल एवं आयोजन टीम की महत्वपूर्ण भूमिका
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका सुनील जैन, प्रिंसिपल, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, पटौदी तथा भुवनेश मुद्गिल, प्रिंसिपल, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, भैणी कुंगड़ ने निभाई। क्विज मास्टर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी श्री अनिल अरोड़ा, पीजीटी फिजिक्स, राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, भिवानी ने निभाई, जबकि रीतिका, पीजीटी फिजिक्स, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बहल ने प्रभावशाली मंच संचालन किया। प्रतियोगिता के सुव्यवस्थित एवं अनुशासित संचालन में सौरभ वधवा, पीजीटी फिजिक्स, राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालय, तोशाम, रीतिका, पीजीटी फिजिक्स, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बहल, राजेंद्र मेहतानी, पीजीटी मैथेमेटिक्स, राजकीय विद्यालय, बापोड़ा, गुरदीप सिंह, पीजीटी मैथेमेटिक्स, विभा यादव, पीजीटी बायोलॉजी, विनेश कुमार, एसआरएस भिवानी, नवल, पीजीटी केमिस्ट्री तथा राकेश कुमार, पीजीटी केमिस्ट्री, भिवानी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के कोऑर्डिनेटर विनस कुमार, पीजीटी बायोलॉजी, एसआरएस भिवानी रहे।

