Weather Update : हरियाणा, एनसीआर- दिल्ली में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने लगा है। रात के तापमान में लगातार गिरावट के चलते ठंड का असर बढ़ रहा है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार, नवंबर के बाकी दिनों में हरियाणा में मौसम शुष्क रहेगा। बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन उत्तरी हवाओं के चलते रातें और सर्द होंगी। वहीं, दिसंबर के पहले सप्ताह में नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के ने जानकारी देते हुए बताया कि एक नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से हरियाणा के उत्तरी जिलों विशेषकर पंजाब से सटे हिस्सो में बादलों की आवाजाही देखने को मिल रही है। हालांकि, यह मौसम प्रणाली बहुत कमजोर है इसकी वजह से बारिश की गतिविधियां नहीं होगी केवल उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी ही देखने को मिलेगी। बीच-बीच में, दक्षिणी पूर्वी नमी वाली हवाओं से कोहरा और कुहासा स्मॉग की गतिविधियों की सम्भावना बन रही है। लगातार उत्तरी हवाओं से सम्पूर्ण इलाके में लगातार रात्रि तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। और दिन के तापमान सामान्य के आसपास बने रहेंगे। कुल मिलाकर हरियाणा एनसीआर दिल्ली में नवम्बर महीने में बारिश की गतिविधियों की सम्भावना नहीं है। दिसंबर महीने के पहले सप्ताह में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से हरियाणा एनसीआर दिल्ली में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा और हल्की बारिश बूंदाबांदी की गतिविधियों और तेज़ गति की हवाओं के चलने की सम्भावना बन रही और उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर बर्फबारी होने की वजह से ठंड बढ़ने के साथ बढ़ते प्रदूषण पर लगाम लगेगी।

